सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 का आयोजन अगले महीने 30 सितंबर से 2 नवंबर तक भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने जा रहा है। टूर्नामेंट को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं, लेकिन इसी बीच आईसीसी (ICC) ने बड़ा बदलाव कर दिया है। शुक्रवार को जारी बयान में आईसीसी ने वर्ल्ड कप के शेड्यूल में बदलाव की जानकारी दी।
पहले तय कार्यक्रम के अनुसार, टूर्नामेंट का एक हिस्सा बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाना था। लेकिन अब आईसीसी ने वहां से मेजबानी छीन ली है और इसकी जगह नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम को चुना है। यानी जो मैच बेंगलुरु में खेले जाने थे, वे अब डीवाई पाटिल स्टेडियम में शिफ्ट कर दिए गए हैं।
बता दें कि इस बार महिला वनडे वर्ल्ड कप कुल पांच स्टेडियमों में आयोजित होना है। भारत और श्रीलंका के बीच साझा मेजबानी के कारण क्रिकेट फैंस को अलग-अलग शहरों में रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। शेड्यूल में हुए इस बदलाव से बेंगलुरु के क्रिकेट प्रेमियों को निराशा जरूर हुई है, लेकिन मुंबई के फैंस के लिए यह किसी तोहफे से कम नहीं है।
आईसीसी का कहना है कि यह फैसला लॉजिस्टिक और आयोजन संबंधी कारणों से लिया गया है, ताकि टूर्नामेंट बिना किसी रुकावट के सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। अब देखना होगा कि भारत और श्रीलंका की टीमें घरेलू समर्थन के बीच कैसा प्रदर्शन करती हैं।
#महिलावर्ल्डकप2025 #ICC #बेंगलुरू #DYपाटिलस्टेडियम #क्रिकेट