सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल / नई दिल्ली : जीएसटी काउंसिल की 56वीं बैठक 3 और 4 सितंबर को दिल्ली में होने वाली है। बैठक की अध्यक्षता वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण करेंगी। इस बैठक में जीएसटी के स्लैब को कम करने को लेकर अहम फैसला हो सकता है। सूत्रों के मुताबिक, जीएसटी के वर्तमान 12% और 28% स्लैब को समाप्त कर केवल दो स्लैब 5% और 18% रखने पर विचार किया जा रहा है। लग्जरी आइटम्स के लिए 40% स्लैब लागू किया जा सकता है।
गुरुवार को जीएसटी काउंसिल के मंत्रियों के समूह (जीओएम) ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी थी। (जीओएम) के संयोजक सम्राट चौधरी ने बताया कि केंद्र सरकार के प्रस्ताव का समर्थन किया गया है और इसे अंतिम निर्णय के लिए जीएसटी काउंसिल को भेजा गया है।
प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस पर जीएसटी रिफॉर्म्स का ऐलान करते हुए कहा था कि नेक्स्ट जेनरेशन जीएसटी सुधारों से रोजमर्रा की चीजें सस्ती होंगी।
विशेषज्ञों के अनुसार 12% स्लैब वाले सामान जैसे सूखे मेवे, टूथपेस्ट, साबुन, हेयर ऑयल, प्रोसेस्ड फूड, फ्रोजन सब्जियां, कुछ मोबाइल और कंप्यूटर, प्रेशर कुकर, गीजर आदि अब 5% टैक्स स्लैब में आएंगे। वहीं 28% स्लैब वाले सामान जैसे टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, एसी, ब्यूटी प्रोडक्ट, रेडीमेड कपड़े, प्लास्टिक प्रोडक्ट, प्रोटीन कॉन्सेंट्रेट आदि 18% टैक्स में शामिल होंगे।
इस बदलाव से सामान्य लोगों की रोजमर्रा की खरीदारी पर खर्च कम होगा और बाजार में मांग बढ़ने की उम्मीद है।
#GSTकाउंसिल #GSTस्लैब #निर्मला_सीतारमण #रोजमर्राकीचीजेंसस्ती #12%और28%स्लैब