सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /   आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल  :   टी-20 इंटरनेशनल में इंग्लैंड ने इतिहास रचते हुए साउथ अफ्रीका को 146 रन से हरा दिया और पहली बार 300+ रन का स्कोर बनाया। मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए मुकाबले में इंग्लैंड ने 20 ओवर में 304/2 का विशाल स्कोर खड़ा किया। इंग्लैंड के विकेटकीपर-बल्लेबाज फिल सॉल्ट ने सिर्फ 39 गेंदों में शतक लगाकर टी-20 में सबसे तेज शतक बनाने का नया रिकॉर्ड अपने नाम किया। उन्होंने नाबाद 141 रन की पारी खेली, जो इंग्लैंड के लिए सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर भी है।

इंग्लैंड की पारी की शुरुआत से ही आक्रामक रही। सॉल्ट और कप्तान जोस बटलर ने पहले विकेट के लिए 126 रन की साझेदारी की। बटलर ने 18 गेंदों में टी-20 करियर का सबसे तेज अर्धशतक लगाया और 83 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद सॉल्ट ने जैकब बेथेल और हैरी ब्रूक के साथ मजबूत साझेदारियां कर टीम को 304 रन तक पहुंचाया।

साउथ अफ्रीका की टीम 16.1 ओवर में मात्र 158 रन पर ऑलआउट हो गई। उनके कप्तान एडेन मार्करम ने सबसे ज्यादा 41 रन बनाए। इंग्लैंड की ओर से जोफ्रा आर्चर ने 3 विकेट लिए, जबकि सैम करन, डॉसन और विल जैक्स ने 2-2 विकेट चटकाए।

इस जीत के साथ इंग्लैंड ने टी-20 क्रिकेट में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और मजबूत गेंदबाजी का बेहतरीन उदाहरण पेश किया। फिल सॉल्ट की रिकॉर्ड पारी और बटलर की धमाकेदार अर्धशतकीय पारी इस मैच की सबसे बड़ी हाइलाइट रही।

#इंग्लैंड_बनाम_साउथअफ्रीका #T20इंटरनेशनल #फिलसॉल्ट #जोसबटलर #क्रिकेट