सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : पश्चिम मध्य रेल भोपाल मंडल राजभाषा विभाग द्वारा आयोजित राजभाषा पखवाड़े का समापन समारोह नर्मदा रेलवे क्लब ऑडिटोरियम, हबीबगंज में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी, अपर मंडल रेल प्रबंधक एवं अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी योगेन्द्र बघेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ।

अपने संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक त्यागी ने हिंदी को भारतीय संस्कृति और एकता का आधार बताते हुए कहा कि भारतीय रेल और हिंदी दोनों देश को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बताया कि सूचना प्रौद्योगिकी और सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म्स ने हिंदी को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाई है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि रेलवे, देश का सबसे बड़ा सार्वजनिक उपक्रम है और इसमें हिंदी के प्रयोग को और अधिक बढ़ावा देने की आवश्यकता है। समारोह में माननीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का हिंदी दिवस संदेश अपर मंडल रेल प्रबंधक प्रशासन अभिराम खरे द्वारा वाचन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण हास्य कवि सम्मेलन रहा, जिसमें हरदा, बैतूल, इटारसी और भोपाल के ख्यात कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं का भरपूर मनोरंजन किया।
इस अवसर पर वर्षभर में हिंदी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक त्यागी ने कुल 81 रेल अधिकारी एवं कर्मचारियों को राजभाषा पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए। कार्यक्रम का संचालन शकील अहमद ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन राजभाषा अधिकारी प्रदीप कुंडलकर ने व्यक्त किया।
#राजभाषापखवाड़ा #डीआरएमभोपाल #रेलकर्मीसम्पान #भोपाल #रेलवेसमाचार