सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /   आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल   /  नई दिल्ली  :    दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार सुबह सीएम हाउस में जनसुनवाई के दौरान हमला हुआ। घटना के समय मुख्यमंत्री लोगों की समस्याएं सुन रही थीं। आरोपी की पहचान राजेशभाई खिमजीभाई सकरिया (41) के रूप में हुई है, जो गुजरात के राजकोट का रहने वाला और रिक्शा चालक है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार शुरुआत में खबर आई कि आरोपी ने मुख्यमंत्री को थप्पड़ मारा, लेकिन दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सक्सेना ने स्पष्ट किया कि आरोपी ने उनका हाथ खींचा, जिससे वे मेज के कोने से टकरा गईं और सिर में चोट लगी।

दिल्ली सीएम ऑफिस ने हमले की पुष्टि की और कहा कि आरोपी को दिल्ली पुलिस ने पकड़ लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। इस घटना के बाद दिल्ली के मुख्य सचिव और कई मंत्री मुख्यमंत्री का हालचाल जानने सीएम हाउस पहुंचे।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना के समय वहां अफरा-तफरी मच गई। उत्तम नगर से पहुंचे शैलेंद्र कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री को थप्पड़ मारा गया, जो गलत है। वहीं अंजली नाम की महिला ने कहा कि अगर कोई फर्जी व्यक्ति मुख्यमंत्री तक पहुंचकर हमला कर सकता है तो यह गंभीर सुरक्षा चूक है।

इस घटना पर राजनीतिक दलों ने भी प्रतिक्रिया दी। कांग्रेस नेता देवेंद्र यादव ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि अगर मुख्यमंत्री सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिक की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा होता है। आप नेता आतिशी ने भी हमले की कड़ी निंदा की और उम्मीद जताई कि पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।

गौरतलब है कि रेखा गुप्ता ने 20 फरवरी 2025 को दिल्ली की मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी और वह लंबे समय से आरएसएस एवं भाजपा से जुड़ी रही हैं।

#दिल्लीसमाचार #रेखागुप्ता #उपराजधानी #मुख्यमंत्रीहमला #दिल्लीपुलिस