सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल / ग्वालियर : गहन शोध और अकादमिक सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दत्तोपंत ठेंगड़ी शोध संस्थान, भोपाल और जीवाजी विश्वविद्यालय, ग्वालियर के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। यह समझौता उच्चस्तरीय अध्ययन, अनुसंधान और बहुविषयक अध्ययनों को नई दिशा प्रदान करेगा। जेयू विश्वविद्यालय परिसर में कुलगुरु राजकुमार आचार्य और दत्तोपंत ठेंगड़ी शोध संस्थान के निदेशक मुकेश मिश्रा ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर मिश्रा ने कहा कि “दत्तोपंत ठेंगड़ी शोध संस्थान भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद द्वारा मान्यता प्राप्त एक अग्रणी संस्थान है, जो कि उच्च स्तरीय अध्ययन, अनुसंधान और बहुविषयक अध्ययनों के माध्यम से ज्ञान को आगे बढ़ाने के लिए समर्पित है। इस साझेदारी के माध्यम से जीवाजी विश्वविद्यालय के शोधार्थियों को भी हमारे अकादमिक प्रयासों से जुड़ने और योगदान देने का अवसर मिलेगा।”
कुलगुरु प्रो. आचार्य ने कहा कि “यह समझौता दोनों संस्थाओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। नई शिक्षा नीति-2020 के आलोक में हम मिलकर गुणवत्तापूर्ण शोध और नवाचार को प्रोत्साहित करेंगे तथा एक-दूसरे के संसाधनों का सर्वोत्तम उपयोग करेंगे।” यह साझेदारी न केवल दोनों संस्थानों के बीच शोध की नई संभावनाओं को खोलेगी बल्कि अकादमिक उत्कृष्टता को भी नई ऊँचाइयों तक ले जाएगी।

#दत्तोपंतठेंगड़ी #जीवाजीयूनिवर्सिटी #एमओयू #शोधसहयोग #अकादमिक