सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /   आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल  :  दलीप ट्रॉफी 2025 के क्वार्टर फाइनल के तीसरे दिन नॉर्थ जोन और ईस्ट जोन के मुकाबले में गेंदबाज आकिब नबी का जलवा देखने को मिला। आकिब ने शुक्रवार को लगातार 4 गेंदों पर 4 विकेट लेकर ईस्ट जोन की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। उनकी घातक गेंदबाजी के आगे ईस्ट जोन 230 रन पर सिमट गया। नॉर्थ जोन ने पहली पारी में 405 रन बनाए थे, इस तरह उन्हें 175 रन की बढ़त मिली।

आकिब ने 53वें ओवर की अंतिम तीन गेंदों और 57वें ओवर की पहली गेंद पर चार विकेट हासिल कर इतिहास रच दिया। वह दलीप ट्रॉफी में यह उपलब्धि हासिल करने वाले पहले गेंदबाज बने। उन्होंने पारी में 28 रन देकर कुल 5 विकेट चटकाए। इससे पहले कपिल देव और साईराज बहुतुले इस टूर्नामेंट में हैट्रिक ले चुके हैं। ईस्ट जोन की ओर से विराट सिंह ने सर्वाधिक 69 रन बनाए।

दूसरे क्वार्टर फाइनल में सेंट्रल जोन ने 532/4 पर पारी घोषित की। इसके जवाब में नॉर्थईस्ट जोन ने स्टंप्स तक 7 विकेट पर 168 रन बनाए और अभी भी 364 रन पीछे है। सेंट्रल जोन के लिए दानिश मालेवार ने 203 रन बनाए, जबकि कप्तान रजत पाटीदार ने 125 रनों की तूफानी पारी खेली।

नॉर्थ जोन की बल्लेबाजी में कन्हैया वधावन (76) और आयुष बडोनी (63) ने अर्धशतक लगाए। ईस्ट जोन से मनीषी ने 6 विकेट झटके। क्वार्टर फाइनल मुकाबलों से साफ है कि इस बार दलीप ट्रॉफी में युवा खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिल रहा है।

#दलीपट्रॉफी2025 #आकिबनबी #नॉर्थजोन #ईस्टजोन #क्रिकेट