सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : देश के विभिन्न शासकीय अस्पतालों एवं संस्थानों में स्थापित वायरल रिसर्च एवं डायग्नोस्टिक लेबोरेटरीज़ और इंटर-डिसिप्लिनरी रिसर्च डायग्नोस्टिक लेबोरेटरीज़ में कार्यरत वैज्ञानिकों और अधिकारियों के लिए प्रशासनिक एवं वित्तीय मामलों की समझ बढ़ाने के उद्देश्य से भोपाल मेमोरियल अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला की शुरुआत हुई।
बीएमएचआरसी की प्रभारी निदेशक मनीषा श्रीवास्तव ने कार्यशाला का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि ऐसी कार्यशालाएँ प्रयोगशालाओं में कार्यरत वैज्ञानिकों और अधिकारियों के लिए बेहद उपयोगी साबित होंगी, क्योंकि प्रशासनिक और वित्तीय नियमों की स्पष्ट समझ अनुसंधान प्रोजेक्ट्स के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक है।
इस कार्यशाला में प्रतिभागियों को प्रोजेक्ट्स के लिए आवश्यक सामग्रियों की खरीद, वित्तीय नियमों और प्रक्रियाओं की जानकारी दी जाएगी। विशेष सत्रों के माध्यम से गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस पोर्टल के उपयोग से आवश्यक वस्तुओं की खरीद और उससे जुड़े नियमों को समझाया जाएगा। इसके अलावा प्रतिभागियों को अकाउंटिंग, आॅडिट मामले, साइबर क्राइम, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे समसामयिक और महत्वपूर्ण विषयों पर भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम में भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के वरिष्ठ लेखा अधिकारी एम.ए. परवेज और बीएमएचआरसी के वित्त विभाग के उपनिदेशक अतुल जैन उपस्थित रहे। वहीं, आईसीएमआर से डॉ. निवेदिता गुप्ता ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लिया। इस कार्यशाला में लगभग 30 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।
#बीएमएचआरसी #प्रशासनिकप्रबंधन #वित्तीयप्रबंधन #कार्यशाला #भोपालसमाचार