सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने शुक्रवार को क्रिकेट चयन समितियों के लिए नए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इसमें सीनियर मेंस क्रिकेट टीम सिलेक्शन कमेटी के सदस्य के दो पद, विमेंस सिलेक्शन कमेटी के चार पद और जूनियर मेंस सिलेक्शन कमेटी के लिए एक पद खाली हैं। आवेदन भरने की अंतिम तिथि 10 सितंबर तय की गई है।
सूत्रों के मुताबिक, BCCI ने मौजूदा चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर का कॉन्ट्रैक्ट बढ़ा दिया है। वर्तमान में सीनियर सिलेक्शन कमेटी में अजीत अगरकर, एसएस दास, सुब्रतो बनर्जी, अजय रात्रा और एस शरत शामिल हैं। हालांकि, यह अनुमान लगाया जा रहा है कि सितंबर में होने वाली एनुअल जनरल बॉडी मीटिंग के बाद कुछ बदलाव देखने को मिल सकते हैं। खासतौर पर एस शरत को हटाया जा सकता है। वे सितंबर 2021 में जूनियर सिलेक्शन कमेटी के अध्यक्ष बने थे और जनवरी 2023 में सीनियर कमेटी में शामिल किए गए थे।
आवेदन के लिए BCCI ने योग्यता मानदंड भी तय किए हैं।
मेंस सीनियर सिलेक्शन कमेटी के लिए 7 टेस्ट, या 30 फर्स्ट क्लास मैच, या 10 वनडे और 20 फर्स्ट क्लास मैच का अनुभव होना जरूरी है। साथ ही संन्यास लिए कम से कम पांच साल हो चुके हों।
विमेंस सिलेक्शन कमेटी के लिए उम्मीदवार भारतीय महिला टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी पूर्व खिलाड़ी होनी चाहिए और पांच साल पहले संन्यास लिया हो।
जूनियर मेंस सिलेक्शन कमेटी के लिए न्यूनतम 25 फर्स्ट क्लास मैच खेले हों और पांच साल से रिटायर हो चुके हों।
यह कदम भारतीय क्रिकेट चयन प्रक्रिया को और पारदर्शी और मजबूत बनाने की दिशा में उठाया गया है।
#BCCI #क्रिकेट #सिलेक्शनकमेटी #भारतीयक्रिकेट #खेल