सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /   आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल  :  भारत सहित विश्व के 65 देशों में हिंदी दिवस के अवसर पर 30 सितंबर तक जारी रहने वाले विश्व रंग अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड 2025 का भव्य शुभारंभ मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रवीन्द्र भवन, भोपाल के हंसध्वनि सभागार में किया। इस अवसर पर संस्कृति विभाग मध्यप्रदेश द्वारा आयोजित ‘भारतीय मातृभाषा अनुष्ठान’ में पोस्टर लोकार्पित कर समारोह का शुभारंभ किया गया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि मातृभाषा में एक आध्यात्मिक और सांस्कृतिक ऊर्जा है। जैसे माँ के चरणों में चारधाम होते हैं, वैसे ही मातृभाषा की गोद में आनंदधाम होता है। उन्होंने विश्व स्तर पर हिंदी भाषा के बढ़ते मान और प्रभाव को गौरव की बात बताया। इस अवसर पर मध्यप्रदेश के लोकनिर्माण मंत्री राकेश सिंह, संस्कृति एवं पर्यटन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी, विधायक भगवान दास सबनानी, अपर मुख्य सचिव शिवशेखर शुक्ला, निदेशक विश्व रंग एवं कुलाधिपति, रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय संतोष चौबे समेत कई गणमान्य व्यक्तियों ने शिरकत की। समारोह का संचालन विनय उपाध्याय, निदेशक टैगोर विश्व कला एवं संस्कृति केंद्र ने किया।

विश्व रंग के निदेशक संतोष चौबे ने बताया कि यह ओलंपियाड भारत और विदेशों में हिंदी बोलने, सुनने और लिखने वाले प्रतिभागियों को जोड़ने का सबसे बड़ा सांस्कृतिक-शैक्षणिक अभियान है। भारत में कक्षा 1 से स्नातकोत्तर स्तर तक और विदेशों में स्तर 1 से स्तर 6 तक के विद्यार्थियों को इसमें भाग लेने का अवसर मिलेगा। प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र और विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इस भव्य आयोजन में हजारों हिंदी साहित्यकार, युवा और हिंदी से जुड़े संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भागीदारी दर्ज कराई। विश्व रंग अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड 2025 का यह शुभारंभ हिंदी भाषा के वैश्विक प्रचार-प्रसार और नई पीढ़ी को हिंदी से जोड़ने में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

#विश्व_रंग_हिंदी_ओलंपियाड #हिंदी_दिवस #भाषा_संस्कार #मध्यप्रदेश #डॉ_मोहन_यादव #हिंदी_प्रचार