सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /   आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल  :   अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस के खिलाफ एक बार फिर कड़े रुख का संकेत दिया है। ट्रंप ने कहा है कि यदि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन में जारी युद्ध को समाप्त नहीं करते, तो अमेरिका और भी सख्त कदम उठाने के लिए तैयार है। यह बयान उन्होंने व्हाइट हाउस में पोलैंड के राष्ट्रपति कैरोल नावरोकी के साथ मुलाकात के दौरान दिया।

ट्रंप ने चेतावनी देते हुए कहा, “पुतिन के फैसले से हम या तो खुश होंगे या फिर अमेरिका को कठोर कदम उठाने पड़ेंगे।” उनके इस बयान को रूस पर नई पाबंदियों के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। ट्रंप ने यह भी कहा कि वे जल्द ही यूक्रेन के राष्ट्रपति और यूरोपीय नेताओं से बातचीत करेंगे ताकि रूस पर दबाव बढ़ाया जा सके और युद्ध को समाप्त करने के लिए ठोस कदम उठाए जा सकें।

यह बयान उस समय सामने आया है जब पुतिन ने हाल ही में बीजिंग में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन के साथ मिलकर सैन्य परेड में हिस्सा लिया। इस दौरान पुतिन ने यूक्रेन में युद्ध जारी रखने के संकेत दिए थे।

अंतरराष्ट्रीय राजनीति के विशेषज्ञों का मानना है कि ट्रंप के इस बयान से अमेरिका-रूस संबंध और अधिक तनावपूर्ण हो सकते हैं। वहीं, यूरोपीय देशों की नजर अब अमेरिका की रणनीति पर है कि वह रूस को रोकने के लिए किस तरह की नई पाबंदियां लागू करता है।

#ट्रंप #पुतिन #रूस #यूक्रेनजंग #अमेरिका