सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /   आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल  /   नई दिल्ली  :    सोशल मीडिया पर एक बार फिर से चर्चा तेज हो गई है कि चीन का लोकप्रिय शॉर्ट वीडियो ऐप टिकटॉक भारत में वापसी करने वाला है। कई यूजर्स ने दावा किया कि वे टिकटॉक की वेबसाइट तक पहुंच पा रहे हैं। इसने यूजर्स के बीच उत्सुकता बढ़ा दी। लेकिन भारत सरकार ने इन अटकलों पर विराम लगाते हुए साफ कहा है कि टिकटॉक पर प्रतिबंध अभी भी लागू है और इसकी वापसी की कोई संभावना नहीं है।

सरकारी सूत्रों के मुताबिक, न तो बाइटडांस   और न ही टिकटॉक की ओर से भारत वापसी को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी दी गई है। यही नहीं, सरकार ने उन रिपोर्टों को भी खारिज किया, जिनमें कहा गया था कि चीन के अलीएक्सप्रेस  और शीन  पर लगा प्रतिबंध हटा लिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि ये ऐप्स अब भी भारत में गूगल प्ले स्टोर  और एप्पल ऐप स्टोर पर उपलब्ध नहीं हैं।

गौरतलब है कि जून 2020 में भारत सरकार ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 69ए के तहत राष्ट्रीय सुरक्षा को देखते हुए 59 चीनी ऐप्स पर प्रतिबंध लगाया था। इसमें टिकटॉक भी शामिल था। यह फैसला तब लिया गया था जब लद्दाख की गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हिंसक झड़प हुई थी, जिसमें 20 भारतीय जवान शहीद हुए थे।

यानी फिलहाल टिकटॉक की वापसी की सारी खबरें केवल अफवाह हैं। भारत सरकार ने साफ कर दिया है कि बैन यथावत रहेगा।

#TikTok #भारतमेंTikTok #चीनीऐप #भारतसरकार #TikTokBan