सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : बीजिंग में चीन के विजय दिवस (Victory Day) समारोह के दौरान रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग के बीच हुई एक गुप्त बातचीत ने सबको चौंका दिया। सरकारी प्रसारक सीसीटीवी के कैमरे में कैद इस बातचीत को एक हॉट माइक ने रिकॉर्ड किया, जिसमें इंसानों की उम्र को 150 साल तक बढ़ाने और अंग प्रत्यारोपण की संभावनाओं पर चर्चा सुनाई दी।
रिपोर्ट्स के अनुसार, बातचीत के दौरान पुतिन के ट्रांसलेटर ने चीनी भाषा में कहा, “बायोटेक्नोलॉजी लगातार विकसित हो रही है।” इसके बाद मानव अंग प्रत्यारोपण और लंबी उम्र पाने की संभावना पर चर्चा हुई। इस संवाद को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हलचल मच गई है। खास बात यह रही कि जब यह चर्चा हो रही थी, तब उत्तर कोरिया के सर्वोच्च नेता किम जोंग उन भी मौजूद थे और मुस्कुराते हुए इस वार्ता को सुन रहे थे।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की बातचीत महाशक्तियों की भविष्य की रणनीतियों और वैज्ञानिक शोध पर संकेत देती है। बायोटेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के तेजी से विकास ने पहले ही चिकित्सा विज्ञान में बड़े बदलाव किए हैं। अंग प्रत्यारोपण की सफलता और मानव जीवन को लंबा करने की तकनीक आने वाले दशकों में क्रांतिकारी साबित हो सकती है।
हालांकि, 150 साल तक इंसानों के जीने की संभावना अभी केवल वैज्ञानिक कल्पना के स्तर पर है, लेकिन इस चर्चा ने विश्वभर में नई बहस छेड़ दी है।
#पुतिन #शीचिनफिंग #किमजोंगउन #बायोटेक्नोलॉजी #150साल