सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : देश की बढ़ती यातायात आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेलवे इन दिनों अपने बुनियादी ढांचे के विस्तार और क्षमता वृद्धि पर तेज़ी से काम कर रहा है। इसी क्रम में पश्चिम मध्य रेल निर्माण विभाग ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए “संरक्षा और गुणवत्ता जांच सूची” बुकलेट तैयार की है। इस बुकलेट का विमोचन महाप्रबंधक शोभना बंदोपाध्याय द्वारा किया गया। यह बुकलेट विभिन्न निर्माण मदों के लिए सुरक्षा और गुणवत्ता से जुड़ी आवश्यक जाँच बिंदुओं को एकीकृत रूप में प्रस्तुत करती है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि तीव्र गति से चल रहे निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की चूक न हो और सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरे हों।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह बुकलेट फील्ड सुपरवाइजर्स, निरीक्षण अधिकारियों, ठेकेदारों और पीएमसी/पीएसएसए क्षेत्र के अधिकारियों के लिए एक रेडी रेकनर के रूप में काम करेगी। इससे न केवल साइट पर कार्य की गुणवत्ता में सुधार होगा, बल्कि संरक्षा संबंधी सतर्कता भी बढ़ेगी। निर्माण कार्यों के दौरान अक्सर तेज गति में गुणवत्ता और सुरक्षा की अनदेखी की संभावना रहती है। यह पुस्तिका उसी प्रवृत्ति को रोकने के लिए तैयार की गई है। इसमें भारतीय रेलवे निर्माण मैनुअल, रेलवे बोर्ड के निर्देश और अन्य संबंधित दिशानिर्देशों के आधार पर बिंदुवार चेकलिस्ट दी गई है।
विमोचन समारोह में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) एम. एस. हाशमी, सचिव महाप्रबंधक राहुल जयपुरियार, तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विश्वास जताया कि यह पहल रेलवे निर्माण कार्यों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और अधिक पारदर्शी बनाने में मील का पत्थर साबित होगी।
#पश्चिममध्यरेल #सुरक्षा #गुणवत्ता #निर्माणकार्य #रेलवे