सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल ने भोपाल हाट में मध्यप्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा विकसित एकीकृत डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म mpkhadigramodyog.com का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह पहल स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने की दिशा में एक सशक्त कदम है। उन्होंने बताया कि यह डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म राज्य के लाखों कारीगरों, बुनकरों, उद्यमियों और उपभोक्ताओं को एक ही मंच पर जोड़ने वाला पुल है। पोर्टल पर कलाकार पंजीकरण, एम्पोरियम जानकारी, प्रीमियम उत्पाद प्रदर्शन और ऑन-डिमांड शोकेस जैसी सुविधाएँ उपलब्ध हैं, जिससे पारंपरिक उत्पादों को डिजिटल माध्यम से वैश्विक पहचान मिलेगी।

जायसवाल ने कहा कि इस प्लेटफ़ॉर्म से “कबीरा बाय खादी” और “विंध्य वैली” जैसे ब्रांडों को नई ऊंचाई मिलेगी। जहाँ ‘कबीरा बाय खादी’ युवाओं के बीच पारंपरिक वस्त्रों को फैशन के रूप में लोकप्रिय बना रहा है, वहीं ‘विंध्य वैली’ ब्रांड एफएमसीजी उत्पादों जैसे हर्बल तेल, शहद, एलोवेरा जेल और अगरबत्ती को आकर्षक पैकेजिंग के साथ उपभोक्ताओं तक पहुँचा रहा है। उन्होंने परियोजना से जुड़े अधिकारियों और तकनीकी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह डिजिटल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत का जीवंत उदाहरण है। कार्यक्रम में खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के प्रबंध संचालक माल सिंह, शिल्पी, बुनकर और आमजन उपस्थित रहे।
राज्यमंत्री ने इसी अवसर पर राष्ट्रीय खादी उत्सव का शुभारंभ भी किया और महात्मा गांधी की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर खादी को अपनाने का आह्वान किया।

#स्वदेशी_उत्पाद #खादी_और_ग्रामोद्योग #आत्मनिर्भर_भारत #डिजिटल_भारत #भोपाल_समाचार