सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय उज्जैन द्वारा विद्यालयों में छात्रों को उच्च शिक्षा के ज्ञान और विज्ञान से अवगत करवाने के अभियान के अंतर्गत भौतिकी अध्ययनशाला द्वारा फिजिक्स क्लब के तत्वावधान में कालिदास मांटेसरी सीनियर सेकेंडरी स्कूल उज्जैन में परामर्श सत्र और विषय से जुड़े करियर मार्गदर्शन सत्र का आयोजन किया गया। इस दौरान स्कूली विद्यार्थियों ने अंतरिक्ष से लेकर पृथ्वी तक भौतिकी से जुड़ी तमाम जिज्ञासाओं के प्रश्नों को सामने रखा और करियर के विभिन्न विकल्पों पर जानकारी प्राप्त की।


सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. अर्पण भारद्वाज ने इस आयोजन पर अपने संदेश में कहा कि यह आयोजन न केवल विद्यार्थियों के लिए उपयोगी हैं, बल्कि उनके भीतर आत्मविश्वास और दिशा दोनों का संचार करते हैं। उन्होंने कहा जब विद्यार्थी कक्षा की सीमाओं से बाहर निकलकर प्रयोगों और चर्चाओं के माध्यम से ज्ञान को अनुभव करते हैं, तभी सच्ची शिक्षा का अर्थ पूरा होता है। फिजिक्स क्लब और भौतिकी अध्ययनशाला द्वारा किया गया यह प्रयास वास्तव में उच्च स्तरीय है।
कुलगुरु ने कहा कि वर्तमान में कैरियर की संभावनाएँ अनंत हैं, ज़रूरत है सही मार्गदर्शन और सतत प्रयास की। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने भीतर की जिज्ञासा को जीवित रखें, क्योंकि यही जिज्ञासा भविष्य की सफलता की कुंजी है।


कुलगुरु प्रो. भारद्वाज ने बताया कि विश्वविद्यालय भविष्य में ऐसे और भी सत्र आयोजित करेगा, ताकि विद्यार्थियों को अपने लक्ष्यों की पहचान करने और उन्हें साकार करने का अवसर मिले। उन्होंने सभी शिक्षकों और छात्रों को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
इस करियर मार्गदर्शन एवं परामर्श सत्र में कार्यक्रम की मुख्य वक्ता भौतिकी अध्ययनशाला की विभागाध्यक्ष डॉ. स्वाति दुबे ने विद्यार्थियों को कैरियर के विविध विकल्पों की जानकारी दी और उन्हें अपने लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी यदि अपने कौशल और ज्ञान का सदुपयोग करें, तो सफलता निश्चित रूप से प्राप्त कर सकते हैं।
प्रकाशिकी, लेज़र और इलेक्ट्रॉनिक्स प्रयोगों का प्रदर्शन
इस अवसर पर विज्ञान विषयों के प्रति विद्यार्थियों में रुचि विकसित करने के उद्देश्य से भौतिकी अध्ययनशाला के बी.एससी. और एम.एससी. छात्रों ने प्रकाशिकी, लेज़र और इलेक्ट्रॉनिक्स से संबंधित विभिन्न प्रयोगों का प्रदर्शन किया। इसके साथ ही विद्यार्थियों ने उपग्रह संचार और फाइबर ऑप्टिक्स पर आकर्षक पोस्टर प्रस्तुत किए, जिससे उनकी रचनात्मकता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को प्रोत्साहन मिला।
विद्यार्थियों की जिज्ञासाएँ और संवाद
सत्र के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने डॉ. स्वाति दुबे, डॉ. रत्ना अग्रवाल, डॉ. मोनिका बैरागी और अर्पित फुलके से अपने मन में उठने वाले प्रश्न पूछे। उपस्थित शिक्षकों ने विद्यार्थियों की सभी जिज्ञासाओं का विस्तृत उत्तर दिया और उन्हें करियर से जुड़ी उपयोगी जानकारियां प्रदान कीं।
सत्र के अंत में आभार व्यक्त करते हुए विद्यालय के प्राचार्य राजेश जोशी ने सभी आगंतुकों और विद्यार्थियों को धन्यवाद दिया और आशा व्यक्त की कि इस आयोजन से छात्रों को अपने करियर में आगे बढ़ने में मदद मिलेगी।

#भौतिकी #विद्यार्थीप्रश्न #सम्राटविक्रमादित्यविश्वविद्यालय #उज्जैन #अंतरिक्ष #शिक्षा