सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : पेरिस में चल रही BWF वर्ल्ड चैंपियनशिप 2025 में भारत की स्टार बैडमिंटन जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। उन्होंने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में मलेशिया की मजबूत जोड़ी आरोन चिया और सोह वुई यिक को सीधे गेम में 21-12, 21-19 से हराकर दूसरी बार वर्ल्ड चैंपियनशिप में मेडल सुनिश्चित किया।
इस जीत के साथ भारतीय जोड़ी ने न केवल पेरिस ओलंपिक 2024 क्वार्टरफाइनल की हार का बदला लिया, बल्कि भारत की वर्ल्ड चैंपियनशिप में लगातार पदक जीतने की परंपरा भी बनाए रखी। सात्विक-चिराग ने इससे पहले 2022 टोक्यो वर्ल्ड चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल जीता था, लेकिन तब इसी मलेशियाई जोड़ी ने उन्हें सेमीफाइनल में हराया था।
क्वार्टर फाइनल मैच में भारतीय जोड़ी ने पहले गेम में लंबी और फ्लैट रैलियों पर अंक बटोरे और 11-6 की बढ़त हासिल की। अंततः उन्होंने पहला गेम 21-12 से आसानी से जीत लिया। दूसरे गेम में मलेशियाई जोड़ी ने वापसी की कोशिश की और स्कोर 19-19 तक ले आए, लेकिन दबाव की स्थिति में सात्विक और चिराग ने बेहतरीन संयम दिखाते हुए लगातार अंक लिए और गेम 21-19 से जीतकर मैच अपने नाम किया।
अब सेमीफाइनल में भारतीय जोड़ी का सामना चीन की जोड़ी ली यियु और बो यांग चेन से होगा, जो विश्व रैंकिंग में 11वें स्थान पर हैं। भारत की उम्मीदें अब इस जोड़ी से स्वर्ण पदक जीतने पर टिकी हैं।
#सात्विकचिराग #बैडमिंटन #वर्ल्डचैंपियनशिप #IndiaBadminton