सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : संत हिरदाराम कन्या महाविद्यालय में बी. कॉम एवं बी.बी.ए. की नवागत छात्राओं के लिए एक विशेष संवाद सत्र का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संस्था प्रमुख श्रद्धेय सिद्ध भाऊजी, प्राचार्य डॉ. डालिमा पारवानी, शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के स्वागतीय उद्बोधन में प्राचार्य डालिमा पारवानी ने छात्राओं को जीवन में सफलता प्राप्त करने हेतु प्रेरित किया।


उन्होंने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि जीवन में सदैव लक्ष्य निर्धारित कर उसे प्राप्त करने की दिशा में सतत् प्रयासरत रहना चाहिए। आपने अवसरों का सदुपयोग करने, स्वाध्याय और लिखने की आदत विकसित करने पर बल दिया। छात्राओं को स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को अपनाने, अच्छा श्रोता बनने तथा टीम वर्क की भावना से कार्य करने की प्रेरणा दी। साथ ही, आपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहते हुए अपने ईश्वर पर पूर्ण विश्वास रखने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। सत्र में छात्राओं को अपने आशिर्वचन देते हुए परम आदरणीय श्रद्धेय सिद्ध भाऊजी ने कहा कि स्कूल शिक्षा जीवन में नींव का कार्य करती हैं। यह समय तपस्या और कठिन परिश्रम का है।
छात्राएं टाइम मैनेजमेंट और स्वाध्याय का पालन करते हुए एकाग्रता, धैर्य और परिश्रम से अपनी पढ़ाई करें। उन्होंने विद्या अध्ययन को जीवन में सुख, सम्मान और प्रगति प्राप्त करने का आधार बताया। साथ ही छात्राओं से सदैव स्वअनुशासित, विनम्र और द्वेषभाव रहित रहने का आह्वान किया। श्रद्धेय भाऊजी ने माता-पिता और गुरुजनों के सम्मान एवं उनकी बातों को आत्मसात करने को जीवन में सफलता का मूल मंत्र बताया। आपने छात्राओं को यह भी समझाया कि जीवन में किसी भी कठिनाई या असफलता से घबराकर कोई गलत कदम कभी न उठाएं, क्योंकि जीवन अत्यंत अमूल्य है। धैर्य और विश्वास से ही हर चुनौती का सामना करना चाहिए। यह विशेष सत्र छात्राओं के लिए ज्ञान, प्रेरणा और ऊर्जा का स्रोत सिद्ध हुआ।

#संतहिरदाराममहाविद्यालय #विशेषसंवादसत्र #छात्रसत्र #शिक्षा #भोपालसमाचार