सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल के अपेक्स बैंक समन्वय भवन सभागार में “आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान” के तहत भोपाल दक्षिण-पश्चिम विधानसभा सम्मेलन का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन यादव, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव व सांसद अरुण सिंह, तथा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत आर्थिक रूप से सशक्त हो रहा है। अब देश रूस से पेट्रोलियम पदार्थों का लेनदेन रूपए में कर रहा है, जो आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ा कदम है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में भारत को सोना गिरवी रखना पड़ा था, लेकिन अब भारत निवेश, नवाचार और विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।

डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश भारत के आत्मनिर्भरता अभियान में अग्रणी भूमिका निभाएगा। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में राज्य में निवेश के नए अवसर बन रहे हैं, जिससे लाखों युवाओं को रोजगार मिलेगा। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव श्री अरुण सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार इंफ्रास्ट्रक्चर पर 12 लाख करोड़ रुपये खर्च कर रही है ताकि देश की विकास गति बनी रहे। वहीं, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने जनता से स्वदेशी सामान खरीदने का आग्रह करते हुए कहा कि “जब हम भारतीय उत्पाद खरीदेंगे, तभी भारत आत्मनिर्भर बनेगा।” कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
#आत्मनिर्भरभारत #मध्यप्रदेश #डॉमोहनयादव #भाजपासंपर्क #भोपाल #विकास