सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : रायसेन के सिलवानी में शासकीय सांदिपनी विद्यालय में संभागायुक्त संजीव सिंह की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। संभागायुक्त सिंह ने जिले में शासकीय विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों और इस वर्ष कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा के परिणाम की जानकारी लेते हुए कहा कि शासकीय विद्यालयों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले, इसके लिए रूचि लेकर पूरी लगन और मेहनत से प्रयास करें।

संभागायुक्त श्री सिंह ने जिले में कक्षा 10वीं और 12वीं में 100 प्रतिशत रिजल्ट लाने वाले प्राचार्यो से संवाद किया तथा पढ़ाई के तरीकों के बारे में जानकारी लेते हुए कम परीक्षा परिणाम वाले विद्यालयों के प्राचार्यो से कहा कि वह अपने साथियों से समझें कि बेहतर कार्य किस प्रकार कर सकते हैं। जिन विद्यालयों का परीक्षा परिणाम बहुत खराब है, वह शिक्षा का वातावरण निर्मित करें। शिक्षक की विद्यार्थियों के जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका होती है। बेहतर शिक्षा के लिए नवाचार और तकनीक का उपयोग करें। उन्होंने कहा कि माता-पिता, शिक्षक, जनप्रतिनिधि सभी मिलकर परीक्षा परिणाम सुधारने के लिए प्रयास करें। संभागायुक्त सिंह ने कहा कि प्राचार्य रूचि लेकर कार्य करें। बच्चों का उत्तीर्ण प्रतिशत बढ़ाने के लिए चरणबद्ध तरीके से कार्य करें। बच्चों को मॉडल टेस्ट पेपर का अभ्यास कराएं। कहां पर चूक या कमी हो रही है, यह पता लगाएं। बच्चों को अच्छे परिणाम के लिए कैरियर काउंसलिंग की मदद से प्रोत्साहित करें।
#संभागायुक्तसंजीवसिंह #शिक्षासुधार #रायसेन #मध्यप्रदेश #शिक्षाबैठक