सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल / जयपुर : पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने राजस्थान विधानसभा सचिवालय में पूर्व विधायक की पेंशन शुरू कराने के लिए आवेदन किया है। धनखड़ 1993 से 1998 तक किशनगढ़ सीट से कांग्रेस विधायक रहे थे। उन्हें जुलाई 2019 तक पेंशन मिलती रही, लेकिन पश्चिम बंगाल का राज्यपाल बनने के बाद यह बंद हो गई थी। उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा देने के बाद उन्होंने दोबारा आवेदन किया है।
विधानसभा सचिवालय ने उनके आवेदन पर प्रक्रिया शुरू कर दी है। नियमों के अनुसार, किसी भी सरकारी पद पर नियुक्ति होते ही पूर्व विधायक की पेंशन बंद हो जाती है और पद छोड़ने के बाद आवेदन पर फिर से शुरू हो जाती है।
धनखड़ को अब तीन पेंशन मिलेगी — पूर्व उपराष्ट्रपति के तौर पर लगभग 2 लाख रुपये, पूर्व सांसद के तौर पर 31 हजार रुपये और पूर्व विधायक के तौर पर 42 हजार रुपये। इस तरह हर महीने करीब 2.73 लाख रुपये पेंशन मिलेगी।
पूर्व विधायक की बेसिक पेंशन 35 हजार रुपये है, लेकिन धनखड़ की उम्र 75 साल होने के कारण उन्हें 20% अतिरिक्त यानी कुल 42 हजार रुपये मिलेंगे।
धनखड़ पिछले 40 दिनों से सार्वजनिक रूप से मौन हैं। परिवार का कहना है कि वह आराम कर रहे हैं। 9 सितंबर को नए उपराष्ट्रपति का चुनाव होना है, इसके पहले उन्हें नए सरकारी आवास में शिफ्ट होना है। फिलहाल उन्हें अस्थायी आवास दिया जा सकता है।
#जगदीपधनखड़ #पेंशन #राजस्थानविधानसभा #पूर्वउपराष्ट्रपति #राजस्थानराजनीति