सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /   आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल  : वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए 34 साल बाद वनडे सीरीज अपने नाम कर ली। त्रिनिदाद के ब्रायन लारा स्टेडियम में खेले गए तीसरे और निर्णायक वनडे मैच में वेस्टइंडीज ने पाकिस्तान को 202 रनों से हराया और तीन मैचों की सीरीज 2-1 से जीत ली। इससे पहले वेस्टइंडीज ने 1991 में पाकिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज जीती थी।

मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी पाकिस्तान टीम के सामने वेस्टइंडीज ने 50 ओवर में 6 विकेट पर 294 रन बनाए। कप्तान शाई होप ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 94 गेंदों में नाबाद 120 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 5 छक्के शामिल थे। उनके साथ जस्टिन ग्रीव्स ने नाबाद 43 रन, इविन लुईस ने 37 रन और रोस्टन चेज ने 36 रन का योगदान दिया।

लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की पूरी टीम मात्र 92 रन पर ढेर हो गई। पाकिस्तान के 5 बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल सके, जिसमें कप्तान मोहम्मद रिजवान भी शामिल थे। बाबर आजम मात्र 9 रन बनाकर आउट हुए। पाक टीम के लिए सलमान आगा ने सर्वाधिक 30 रन बनाए, जबकि मोहम्मद नवाज ने नाबाद 23 रन जोड़े।

वेस्टइंडीज के गेंदबाज जायडेन सील्स ने घातक गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट चटकाए और उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ चुना गया। शाई होप को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार मिला।