सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /  आईटीडीसी न्यूज़  भोपाल  :   अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सोमवार को वॉशिंगटन डीसी में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गाजा में युद्ध रोकने के लिए 20 पॉइंट का प्लान पेश किया। नेतन्याहू ने सीजफायर पर सहमति जताई और कहा कि गाजा में शांतिपूर्ण प्रशासन होगा, हमास के सभी हथियार हटाए जाएंगे और इजराइल धीरे-धीरे पीछे हटेगा।

ट्रम्प ने स्पष्ट किया कि अगर हमास इस प्लान को नहीं मानेगा तो इजराइल को उसे खत्म करने का पूरा अधिकार होगा और अमेरिका इसमें साथ देगा। इस योजना में गाजा में युद्ध तुरंत रोकना, सभी बंधकों और कैदियों की रिहाई, शवों का आदान-प्रदान, आतंक मुक्त प्रशासन और पुनर्निर्माण की योजना शामिल है।

अंतरिम प्रशासन समिति की अध्यक्षता ट्रम्प करेंगे, जिसमें पूर्व ब्रिटिश प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर और अन्य देशों के नेता शामिल होंगे। गाजा में मानव सहायता, सुरक्षा बलों की तैनाती, पुलिस प्रशिक्षण और सीमाओं की सुरक्षा भी योजना का हिस्सा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस प्लान का स्वागत किया और कहा कि यह पश्चिम एशियाई क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास को बढ़ावा देगा। मिस्र, इंडोनेशिया, जॉर्डन, पाकिस्तान, कतर, सऊदी अरब, तुर्की और यूएई समेत आठ इस्लामिक देशों ने भी ट्रम्प के प्रस्ताव का समर्थन किया।

ट्रम्प ने बताया कि पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ और आर्मी चीफ आसिम मुनीर इस प्लान के दौरान उनसे संपर्क में रहे। प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद दोनों नेताओं ने मीडिया के सवाल नहीं लिए और हाथ मिलाकर वहां से चले गए।

#गाजा #सीजफायर #ट्रम्प #नेतन्याहू #शांति #पश्चिमएशिया