सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप के करीबी माने जाने वाले चार्ली कर्क की हत्या के मामले ने सनसनी फैला दी है। इस मामले में पुलिस ने टेलर रॉबिन्सन को गिरफ्तार किया है। टेलर ने वारदात के बाद अपनी ट्रांसजेंडर दोस्त से चैट में इस गुनाह को कबूल किया था।
कोर्ट में पेश दस्तावेज़ों के मुताबिक, हत्या के बाद टेलर ने अपनी दोस्त से बातचीत में लिखा था, “मैं चार्ली से बहुत नफरत करता हूं और कुछ नफरतों को बातचीत से हल नहीं किया जा सकता।” इस चैट में टेलर ने यह भी कहा कि उसे चार्ली को हटाने का मौका मिला और उसने इसे अंजाम दिया। साथ ही उसने अपनी दोस्त से माफी मांगते हुए लिखा, “मुझे माफ कर दो।”
अमेरिकी अधिकारियों ने फिलहाल मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। टेलर रॉबिन्सन से लगातार पूछताछ की जा रही है, हालांकि पुलिस ने जांच से जुड़ी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक करने से इनकार किया है।
चार्ली कर्क रिपब्लिकन राजनीति में एक जाना-पहचाना नाम थे और ट्रंप प्रशासन में उनकी गहरी पैठ मानी जाती थी। उनकी हत्या से अमेरिकी राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह मामला सिर्फ व्यक्तिगत दुश्मनी तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे गहरे राजनीतिक और सामाजिक कारण भी हो सकते हैं।
फिलहाल अदालत में इस मामले की सुनवाई जारी है और आने वाले दिनों में कई और बड़े खुलासे होने की संभावना है।