सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल / नई दिल्ली : टाटा मोटर्स एक विदेशी कंपनी इवेको ग्रुप के कमर्शियल व्हीकल बिजनेस का अधिग्रहण करने की तैयारी कर रही है। इसके लिए कंपनी करीब $4.5 बिलियन (लगभग 40,000 करोड़ रुपये) का ब्रिज लोन लेने जा रही है। यह लोन 12 महीने की अवधि के लिए लिया जाएगा। टाटा मोटर्स का यह अधिग्रहण यूरोप के कमर्शियल व्हीकल मार्केट में कंपनी की रणनीतिक पकड़ को मजबूत करेगा।
सूत्रों के अनुसार, इस लोन के लिए टाटा समूह की इन्वेस्टमेंट होल्डिंग ब्रांच, टाटा संस प्राइवेट लिमिटेड का समर्थन पत्र मिल चुका है। इस लोन पर बेंचमार्क यूरो इंटरबैंक ऑफर रेट (यूरिबोर) से 102.5 बेसिस प्वाइंट्स का मिश्रित ब्याज दर मार्जिन लागू होगा। हालांकि, टाटा मोटर्स ने इस पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं दी है।इवेको ग्रुप के अधिग्रहण से टाटा मोटर्स को यूरोप के कमर्शियल व्हीकल मार्केट में महत्वपूर्ण फायदा मिलेगा। इससे पहले, कंपनी ने 2008 में जगुआर लैंड रोवर का अधिग्रहण किया था और अब लगभग दो दशक बाद एक और बड़ा विदेशी अधिग्रहण करने जा रही है।
ट्यूरिन स्थित इवेको ने अपनी डिफेंस यूनिट लियोनार्डो एसपीए को बेचने के बाद शेष हिस्से का अधिग्रहण टाटा मोटर्स को लगभग 3.8 अरब यूरो में करने की योजना बनाई थी। यह अधिग्रहण अप्रैल 2026 तक पूरा होने की संभावना है। खबर के बाद टाटा मोटर्स के शेयर 0.50% की तेजी के साथ 719.80 रुपये पर ट्रेड कर रहे हैं।
#टाटामोटर्स #इवेको #अधिग्रहण #ब्रिजलोन #कंपनीसमाचार #कमर्शियलव्हीकल