सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : साउथ अफ्रीका ने इंग्लैंड को तीसरे वनडे में 5 रन से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही टीम ने तीन मैचों की सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली और 27 साल बाद इंग्लैंड में वनडे सीरीज जीतने का गौरव हासिल किया। आखिरी बार साउथ अफ्रीका ने 1998 में यहां सीरीज जीती थी।
गुरुवार को खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका ने 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 330 रन बनाए। टीम के लिए मैथ्यू ब्रीट्जके ने 85 और ट्रिस्टन स्टब्स ने 58 रन की पारी खेली। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 147 रन की अहम साझेदारी हुई। ब्रीट्जके ने खास उपलब्धि हासिल करते हुए वनडे करियर के शुरुआती 5 मैचों में लगातार 50+ स्कोर बनाने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया।
जवाब में इंग्लैंड की टीम 331 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट पर 325 रन ही बना सकी। इंग्लैंड के लिए जो रूट (61), जोस बटलर (61) और जैकब बेथल (58) ने अर्धशतक लगाए, लेकिन टीम को जीत दिलाने में नाकाम रहे।
गेंदबाजी में इंग्लैंड के जोफ्रा आर्चर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट लिए, जबकि साउथ अफ्रीका के नांद्रे बर्गर ने 3 और केशव महाराज ने 2 विकेट हासिल किए।
इस जीत के साथ साउथ अफ्रीका ने इंग्लैंड की धरती पर एक बार फिर अपनी बादशाहत कायम कर ली।
#साउथअफ्रीका #इंग्लैंड #वनडेसिरीज़ #क्रिकेट #ब्रीट्जके #लॉर्ड्स