सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : अमेरिका के लॉस एंजिलिस शहर में गुरप्रीत सिंह नामक एक सिख युवक की पुलिस फायरिंग में मौत हो गई। गुरप्रीत सड़क पर सिख मार्शल आर्ट गतका का प्रदर्शन कर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उसके हाथ में खंडा नामक परंपरागत दोधारी तलवार थी, जिसे देखकर राहगीरों ने 911 पर कॉल की और पुलिस को सूचना दी कि एक व्यक्ति सड़क पर “ब्लेड घुमा रहा है।”
पुलिस के पहुंचने पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पुलिस का दावा है कि गुरप्रीत ने उन पर हमला करने की कोशिश की, जिसके बाद आत्मरक्षा में गोली चलाई गई। घटना क्रिप्टो कॉम एरिना के पास हुई, जहां लोग बड़ी संख्या में मौजूद थे। पुलिस ने कहा कि गुरप्रीत हाथ में कुल्हाड़ीनुमा हथियार लिए घूम रहा था, लेकिन बाद में स्पष्ट हुआ कि वह खंडा था, जो भारतीय सिख मार्शल आर्ट का हिस्सा है।
स्थानीय सिख समुदाय ने इस घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया है और कहा है कि यह सांस्कृतिक परंपरा की गलतफहमी का नतीजा है। समुदाय के नेताओं का कहना है कि पुलिस ने बिना उचित समझ और बातचीत के कार्रवाई की। अब मामले की जांच शुरू हो गई है।
इस घटना ने एक बार फिर अमेरिका में प्रवासी समुदायों की सांस्कृतिक समझ और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सिख संगठनों ने न्याय की मांग करते हुए इसे नस्लीय भेदभाव से जोड़कर गंभीर चिंता जताई है।