सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह कलेक्टर कार्यालय के व्हीसी रूम में मुख्य सचिव अनुराग जैन की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में शामिल हुए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत इला तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्य सचिव ने बताया कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक प्रदेश में सेवा पखवाड़ा आयोजित होगा, जिसके अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा जनहितकारी गतिविधियाँ संचालित की जाएंगी। इस दौरान राष्ट्रीय पोषण माह और स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार अभियान का शुभारंभ होगा। श्री जैन ने निर्देश दिए कि सभी विभाग अपनी-अपनी गतिविधियाँ तय कर लें और जनभागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि नगरीय विकास एवं पंचायत विभाग स्वच्छता कार्यक्रमों से जनता को जोड़े और खाने के तेल की खपत 10% घटाने को भी अभियान में शामिल किया जाए।
मुख्य सचिव ने कहा कि सभी विभाग समन्वय से कार्य करें और किए गए कार्यों का प्रतिवेदन निर्धारित प्रारूप में प्रस्तुत करें। आगामी त्यौहारों को देखते हुए जिलों के कलेक्टर सुरक्षा और दुर्घटना-निवारण के पुख्ता इंतज़ाम करें।
बैठक में बताया गया कि 17 सितंबर को लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग विशेष रक्तदान शिविर आयोजित करेगा। साथ ही 8 शहरों में मेगा स्वास्थ्य शिविर लगेंगे। उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाएगा। महिला एवं बाल विकास विभाग राष्ट्रीय पोषण माह और मोटापा नियंत्रण कार्यक्रम प्रारंभ करेगा।
इसके अतिरिक्त पंचायत विभाग स्वच्छोत्सव के अंतर्गत 5 प्रमुख गतिविधियाँ आयोजित करेगा। नगरीय विकास विभाग महिला स्व-सहायता समूहों के उत्पादों की प्रदर्शनी करेगा और नमो पार्क, नमो उपवन एवं नमो वन का विकास करेगा। वहीं वन विभाग 8 लाख पौधों का रोपण करेगा। संस्कृति विभाग सेरेमिक आर्ट, संगीत, नाटक व पेंटिंग प्रतियोगिताएँ आयोजित करेगा।
इस प्रकार सेवा पखवाड़ा प्रदेश में जागरूकता, स्वास्थ्य, स्वच्छता और विकास की नई दिशा देगा।

#सेवापखवाड़ा #मध्यप्रदेश #अनुरागजैन #स्वच्छभारत #स्वास्थ्यअभियान