सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर मंगलवार (2 सितंबर) को तेजी के साथ कारोबार कर रहे हैं। कंपनी की 48वीं एनुअल जनरल मीटिंग में चेयरमैन मुकेश अंबानी द्वारा किए गए बड़े ऐलानों के बाद निवेशकों का भरोसा और मजबूत हुआ है।
एनुअल जनरल मीटिंग में अंबानी ने कई अहम घोषणाएं कीं। सबसे प्रमुख रही जियो का आईपीओ लाने की योजना और नई कंपनी रिलायंस इंटेलिजेंस की शुरुआत। इन घोषणाओं के बाद देशी और विदेशी ब्रोकरेज हाउसेज ने कंपनी के शेयरों पर अपनी रिपोर्ट जारी कर टारगेट प्राइस बढ़ा दिए हैं।
ब्रोकरेज हाउस नुवामा ने शेयर का सबसे बड़ा टारगेट ₹1733 दिया है। वहीं अन्य ब्रोकरेज हाउसेज ने भी रिलायंस को लेकर सकारात्मक रुख दिखाया है। इसके चलते निवेशकों में शेयर खरीदने की होड़ मच गई और बाजार में स्टॉक तेजी से ऊपर चढ़ा।
विशेषज्ञों का मानना है कि जियो का आईपीओ आने से कंपनी की वैल्यूएशन पर बड़ा असर पड़ेगा। साथ ही, रिलायंस इंटेलिजेंस के जरिए कंपनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डेटा टेक्नोलॉजी सेक्टर में अपनी मौजूदगी मजबूत करेगी।
पिछले कुछ महीनों से रिलायंस के शेयर दबाव में थे, लेकिन एनुअल जनरल मीटिंग के बाद निवेशकों का सेंटिमेंट बदल गया है। मार्केट एनालिस्ट का कहना है कि आने वाले समय में कंपनी के शेयरों में और तेजी देखने को मिल सकती है।
#रिलायंस #मुकेशअंबानी #शेयरबाजार #जियोIPO #रिलायंसइंटेलिजेंस