सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 सितंबर को मिजोरम के दौरे पर जाएंगे, जहां वे नए बैराबी-सैरंग रेलवे प्रोजेक्ट का उद्घाटन करेंगे। इसी दौरान उनके मणिपुर दौरे की भी संभावना जताई जा रही है। मणिपुर में जातीय हिंसा भड़कने के बाद यह पीएम मोदी का पहला संभावित दौरा होगा, जिस पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।
हालांकि, अभी तक प्रधानमंत्री कार्यालय या केंद्र सरकार की ओर से मणिपुर दौरे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। लेकिन मिजोरम सरकार के कई अधिकारियों ने जानकारी दी है कि आइजोल से पीएम मोदी मणिपुर जा सकते हैं। इस खबर के सामने आने के बाद राज्य प्रशासन तैयारियों में जुट गया है।
मंगलवार को मणिपुर के मुख्य सचिव पुनीत कुमार गोयल ने अधिकारियों के साथ बैठक की और प्रस्तावित वीवीआईपी दौरे की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने सुरक्षा, ट्रैफिक और प्रशासनिक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की। दौरे के दौरान पीएम मोदी नवनिर्मित सचिवालय भवन और अन्य पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का उद्घाटन कर सकते हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर पीएम मोदी मणिपुर जाते हैं, तो यह राज्य के लिए एक बड़ा राजनीतिक और सामाजिक संदेश होगा। यह दौरा न केवल केंद्र सरकार की प्राथमिकताओं को दर्शाएगा बल्कि राज्य में शांति और विकास को लेकर लोगों में भरोसा भी जगाएगा।
#पीएममोदी #मणिपुर #मिजोरम #मोदीदौरा #जातीयहिंसा