सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /   आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल  :  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जापान दौरे का आज आखिरी दिन है। इस दौरान उन्होंने जापान के प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा के साथ बुलेट ट्रेन की सवारी की। मोदी ने जापान के 16 प्रान्तों के राज्यपालों से भी मुलाकात की और वहां भारतीय ट्रेन ड्राइवरों से बातचीत की।

दो दिवसीय इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच शिखर वार्ता हुई, जिसमें भारत-जापान संबंधों को और मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। पीएम मोदी और शिगेरू इशिबा ने आर्थिक सहयोग, तकनीकी विकास, सुरक्षा और इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स पर चर्चा की। खासकर मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट में जापान की अहम भूमिका पर भी बातचीत हुई।

मोदी का यह दौरा भारत-जापान के बीच रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दोनों देशों ने जलवायु परिवर्तन, रक्षा सहयोग और एशिया में स्थिरता बनाए रखने के मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया।

जापान की यात्रा पूरी करने के बाद पीएम मोदी आज चीन के तियानजिन रवाना होंगे। वहां वह शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इस सम्मेलन में रूस, चीन, पाकिस्तान और मध्य एशियाई देशों के नेताओं से भी उनकी मुलाकात होगी।

विशेषज्ञों का मानना है कि यह दौरा भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी और क्षेत्रीय सहयोग की दिशा में बड़ा कदम है।

#पीएममोदी #जापानदौरा #बुलेटट्रेन #भारतजापान #SCO