सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /   आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल   /   पंजाब  :   पंजाब में लगातार बारिश और बाढ़ से हालात गंभीर बने हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विदेश दौरे से लौटते ही मंगलवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से फोन पर बात कर स्थिति की जानकारी ली। पीएम ने राज्य में राहत और बचाव कार्य के लिए हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

बाढ़ ने पंजाब के 12 जिलों को प्रभावित किया है। अब तक करीब 2.56 लाख लोग सीधे तौर पर प्रभावित हुए हैं और 29 लोगों की मौत हो चुकी है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पीएम मोदी को पत्र लिखकर केंद्र से 60 हजार करोड़ रुपये के बकाया फंड जारी करने और एसडीआरएफ नियमों में संशोधन कर किसानों को 50 हजार रुपये तक का मुआवजा देने की मांग की है।

गुरदासपुर सहित कई जिलों में हालात बेहद खराब हैं। मुख्यमंत्री मान खुद प्रभावित इलाकों का दौरा कर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। वहीं, इससे पहले गृहमंत्री अमित शाह ने भी सीएम मान को फोन कर बाढ़ से हुए नुकसान की जानकारी ली थी।

राज्य के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने दो दिन पहले ही प्रधानमंत्री को पत्र भेजा था, जिसमें वित्तीय सहायता की विस्तृत मांग रखी गई थी। हालांकि विपक्षी दलों ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा नेतृत्व ने पंजाब की इस आपदा पर कोई संवेदना नहीं जताई।

पंजाब सरकार को उम्मीद है कि केंद्र जल्द राहत पैकेज जारी करेगा ताकि प्रभावितों को त्वरित मदद पहुंचाई जा सके।

#पंजाबबाढ़ #पीएममोदी #भगवंतमान #केंद्रसरकार #राहतपैकेज