सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /   आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल    :  आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप के ओपनिंग सेरेमनी में पाकिस्तान की विमेंस क्रिकेट टीम हिस्सा नहीं लेगी। सेरेमनी 30 सितंबर को गुवाहाटी में आयोजित होगी, जिसमें भारतीय गायिका श्रेया घोषाल परफॉर्म करेंगी। टूर्नामेंट की मेजबानी भारत और श्रीलंका कर रहे हैं।

पाकिस्तान की टीम 2027 तक किसी भी टूर्नामेंट के लिए भारत नहीं आएगी, यह निर्णय दिसंबर 2023 में आईसीसी की बैठक में लिया गया था। इसके तहत दोनों देशों की टीमें आपसी द्विपक्षीय मैच न्यूट्रल वेन्यू पर खेलेंगी। इसी नीति के तहत पाकिस्तान की टीम ओपनिंग सेरेमनी में नहीं पहुंचेगी।

पाकिस्तान के सभी मैच हाइब्रिड मॉडल के तहत श्रीलंका में खेले जाएंगे। बीसीसीआई और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के समझौते के अनुसार, पाकिस्तान की टीम कोलंबो में बांग्लादेश (2 अक्टूबर), इंग्लैंड (15 अक्टूबर), न्यूजीलैंड (18 अक्टूबर), साउथ अफ्रीका (21 अक्टूबर) और श्रीलंका (24 अक्टूबर) के खिलाफ मैच खेलेगी।

पाकिस्तान की टीम की कप्तानी फातिमा सना करेंगी, जबकि मुनीबा अली सिद्दीकी उप-कप्तान हैं। टीम में आलिया रियाज, डायना बेग, ऐमान फातिमा, नशरा सुंधू, नतालिया परवेज समेत अन्य खिलाड़ी शामिल हैं।

भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय सीरीज 2008 के मुंबई हमले के बाद से बंद हैं। अब दोनों टीमें केवल ICC और ACC टूर्नामेंट में ही आमने-सामने आती हैं। इस बार भी भारत-पाकिस्तान मैच न्यूट्रल वेन्यू पर खेला जाएगा, जबकि ओपनिंग सेरेमनी में पाकिस्तान की टीम शामिल नहीं होगी।

#पाकिस्तानविमेंसटीम #वनडेवर्ल्डकप #ICC #महिलाक्रिकेट #गुवाहाटी