सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को नागपुर में आयोजित ‘अखंड भारत संकल्प दिवस’ कार्यक्रम में भारत को महाशक्ति और विश्वगुरु बनाने का संकल्प दोहराया। राष्ट्र निर्माण समिति द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में गडकरी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि मेहनत, निष्ठा और नवाचार ही वह मास्टर प्लान है, जिससे भारत को विश्व पटल पर सर्वोच्च स्थान दिलाया जा सकता है।
उन्होंने कहा, “अगर भारत हर क्षेत्र में मजबूत होगा तो अमेरिका ही नहीं, पूरी दुनिया हमारी बात सुनेगी।” गडकरी ने युवाओं से आह्वान किया कि वे शिक्षा, तकनीक, उद्योग और कृषि सहित हर क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करें और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान दें।
कार्यक्रम में उन्होंने देश के विभाजन को ‘अप्राकृतिक’ करार देते हुए कहा कि एक दिन भारत को पुनः अखंड बनाना हमारा संकल्प होना चाहिए। उन्होंने भारत की विविधता में एकता की सराहना की और कहा कि यही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। इसके साथ ही उन्होंने सशस्त्र बलों के साहस और बलिदान को नमन करते हुए कहा कि उनकी वजह से ही देश सुरक्षित और मजबूत है।
गडकरी ने इस अवसर पर युवाओं से देश के उत्थान के लिए कड़ी मेहनत, आत्मनिर्भरता और ईमानदारी को जीवन का मंत्र बनाने की अपील की। उन्होंने विश्वास जताया कि अगर भारत आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ा, तो आने वाले समय में वह न केवल आर्थिक महाशक्ति बनेगा, बल्कि विश्वगुरु की भूमिका भी निभाएगा।
#नितिनगडकरी #विश्वगुरुभारत #अखंडभारत #भारतमहाशक्ति #नागपुरसमाचार