सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को मिजोरम के लिए ऐतिहासिक तोहफा दिया। उन्होंने पहली बार मिजोरम-दिल्ली ट्रेन को हरी झंडी दिखाई, जो 2510 किलोमीटर का सफर तय करेगी। यह ट्रेन मिजोरम को सीधे राष्ट्रीय राजधानी से जोड़ेगी। खराब मौसम के कारण कार्यक्रम का आयोजन लेंगपुई एयरपोर्ट से किया गया।
पीएम मोदी ने बैराबी-सायरंग रेलवे लाइन समेत 9000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक कुछ राजनीतिक दलों ने मिजोरम की अनदेखी की, लेकिन आज मिजोरम विकास की फ्रंटलाइन से जुड़ गया है। यह रेल परियोजना न सिर्फ कनेक्टिविटी बल्कि बदलाव की जीवनरेखा है।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में बताया कि मिजोरम में प्रतिभाशाली युवा हैं और सरकार उन्हें सशक्त बनाने के लिए 11 एकलव्य आवासीय विद्यालय बना चुकी है, 6 और विद्यालय निर्माणाधीन हैं। राज्य में 4500 से अधिक स्टार्टअप और 25 इनक्यूबेटर काम कर रहे हैं। जल्द ही हेलिकॉप्टर सेवाएं भी शुरू होंगी जिससे दूरदराज क्षेत्रों तक पहुंच आसान होगी।
इसके अलावा पीएम मोदी ने 500 करोड़ रुपये की लागत वाली 45 किलोमीटर लंबी आइजोल बाईपास, थेनजोल-सियालसुक रोड और अन्य सड़कों की आधारशिला रखी। लॉन्ग्टलाई-सियाहा रोड पर छिमटुईपुई नदी पुल और खेलो इंडिया बहुउद्देशीय हॉल सहित कई परियोजनाओं की घोषणा की गई। मिजोरम के राज्यपाल और राजनीतिक दलों ने इस ऐतिहासिक कदम का स्वागत किया और इसे राज्य में आर्थिक विकास, पर्यटन और रोजगार के लिए महत्वपूर्ण बताया।
#पीएममोदी #मिजोरम #रेलवे #दिल्लीट्रेन #नॉर्थईस्ट