सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान भोपाल में प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए 4 दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम दीक्षारंभ 2025 का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य नए विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को संस्थान, उसकी शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक सुविधाओं तथा भोपाल शहर की संस्कृति से परिचित कराना रहा।पहले दिन छात्रों को दो समूहों में बांटकर संस्थान के शैक्षणिक भवन, पुस्तकालय, खेल परिसर और प्रशासनिक ब्लॉक का भ्रमण कराया गया, वहीं अन्य समूह को भोपाल शहर के प्रमुख स्थलों जैसे भारत भवन, ताज-उल-मसाजिद और झील क्षेत्र का भ्रमण कराया गया।

साथ ही, अभिभावकों के लिए (न्यू टीचिंग ब्लॉक) में विशेष संवाद सत्र हुआ, जिसमें पाठ्यक्रम, शोध अवसरों और प्लेसमेंट संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।दूसरे दिन विद्यार्थियों को वन विहार राष्ट्रीय उद्यान, लेक व्यू और साइंस म्यूजियम जैसी जगहों का भ्रमण कराया गया। इसके बाद छात्रों को आईआईआईटी भोपाल के विभिन्न छात्र क्लबों से परिचित कराया गया।

कोडेमे आरज़ू और स्पोर्ट्स क्लब की प्रस्तुतियों ने छात्रों को अकादमिक जीवन के साथ-साथ सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों के महत्व से अवगत कराया।तीसरे दिन राधाकृष्ण सभागार (मैनिट परिसर) में ज्ञानवर्धक व्याख्यान हुए। प्रो. एस.डी. सप्रे, डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट कौशलेंद्र विक्रम सिंह और चेतस सुखड़िया जैसे वक्ताओं ने छात्रों को उत्कृष्टता, मानसिक शांति और नैतिक जीवन मूल्यों पर मार्गदर्शन दिया। साथ ही, ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट विभाग द्वारा छात्रों को करियर अवसरों और उच्च पैकेज ऑफर करने वाली कंपनियों के बारे में जानकारी दी गई।


कार्यक्रम के तीसरे दिन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए मध्यप्रदेश के कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री डॉ. गौतम टेटवाल ने छात्रों से संवाद करते हुए कहा कि वे देशभर से आईआईआईटी भोपाल में पहुंचे हैं और उनकी सफलता संस्थान के साथ-साथ प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाएगी।ओरिएंटेशन का समापन चौथे दिन हुआ, जिसमें क्लब प्रेजेंटेशन, प्रेरक व्याख्यान और विशेष अतिथियों की उपस्थिति ने नए विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया। इस अवसर पर इस्कॉन के उपाध्यक्ष अमोघ लीला दास ने भी अपने प्रेरणादायी व्याख्यान से छात्रों को जीवन और करियर में संतुलन साधने की सीख दी। कार्यक्रम के अंतिम सत्र में तकनीकी शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार के साथ टेबल टॉक डिनर ने विद्यार्थियों को सीधे संवाद का अनूठा अवसर दिया। दीक्षारंभ 2025 ने नए विद्यार्थियों को न केवल संस्थान से बल्कि भोपाल की संस्कृति और मूल्यों से भी जोड़ने का कार्य किया।

#आईआईआईटीभोपाल #दीक्षारंभ2025 #गौतमटेटवाल #ओरिएंटेशनकार्यक्रम #शिक्षाखबर