सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : नवरात्र और दशहरा के अवसर पर कंज्यूमर मार्केट में नई रौनक देखने को मिली है। जीएसटी घटने से लोगों में खरीदारी को लेकर उत्साह बढ़ा है। 22 सितंबर से 28 सितंबर तक की बिक्री के आंकड़ों के अनुसार कारों की बिक्री 133% तक बढ़ गई है, जबकि साबुन, पेस्ट और बिस्किट जैसी रोजमर्रा की एफएमसीजी वस्तुओं की बिक्री 20% तक बढ़ी। मारुति सुजुकी, हुंडई और टाटा मोटर्स के अनुसार नवरात्र में उनकी बिक्री 100-133% बढ़ चुकी है। मारुति की बुकिंग टॉप-100 शहरों में 100% बढ़ी, जबकि हुंडई मोटर इंडिया ने ग्रामीण इलाकों में 133% अधिक बुकिंग दर्ज की।
इलेक्ट्रॉनिक्स और स्मार्टफोन की बिक्री भी बढ़ी है। विजय सेल्स में टीवी और मोबाइल की बिक्री 50% तक बढ़ी, और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर टीवी की बिक्री दोगुनी हो गई। 20,000 रुपए से अधिक कीमत वाले स्मार्टफोन की बिक्री में भी 50% से ज्यादा इजाफा हुआ। एफएमसीजी और ज्वेलरी सेक्टर में भी उत्साह देखने को मिला। पारले और टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स ने 15-20% अधिक माल बेचा। तनिष्क ज्वेलरी को त्योहार और शादियों के सीजन में मजबूत बिक्री की उम्मीद है।
छोटी कारों पर जीएसटी 29-31% से घटकर 18% हुई, जिससे खरीदारों को 8.5-9.9% की सीधी बचत हुई। त्योहारी ऑफर्स के साथ कीमतें 12-15% तक कम हो गई हैं। इन सभी कारणों से खरीदारी में उत्साह और बाजार में तेजी देखी जा रही है।
#GSTकटौती #कारबिक्री #कंज्यूमरप्रोडक्ट्स #FMCG #खरीदारी #नवरात्र #दशहरा