सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल / नई दिल्ली : एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन ने उपराष्ट्रपति चुनाव में जीत दर्ज कर देश के 15वें उपराष्ट्रपति बनने का गौरव प्राप्त किया। मंगलवार को हुए मतदान में 788 में से 767 सांसदों ने वोट डाले। राधाकृष्णन को 452 वोट मिले, जबकि इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी सुदर्शन रेड्डी को 300 वोट मिले। 15 वोट अमान्य करार दिए गए।
चुनाव परिणामों में यह स्पष्ट हुआ कि कम से कम 14 विपक्षी सांसदों ने एनडीए उम्मीदवार के पक्ष में मतदान किया। भाजपा का दावा है कि कुछ विपक्षी सांसदों ने जानबूझकर अमान्य वोट भी डाले। वहीं विपक्षी गठबंधन का दावा था कि उनके सभी 315 सांसद एकजुट रहे, लेकिन परिणामों ने इस दावे को कमजोर किया।
सीपी राधाकृष्णन का राजनीतिक सफर लंबा और संघर्षपूर्ण रहा है। वे दो बार कोयम्बटूर से सांसद रह चुके हैं और तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष भी रहे। अटल बिहारी वाजपेयी के समय वे केंद्रीय मंत्री बनने के करीब पहुंचे थे, लेकिन नाम की समानता के कारण यह अवसर हाथ से निकल गया। इसके बावजूद उन्होंने संगठन में सक्रिय भूमिका निभाई।
दक्षिण भारत से उपराष्ट्रपति उम्मीदवार चुनकर भाजपा ने क्षेत्रीय सेंटिमेंट को साधने की कोशिश की है। खासकर 2026 में होने वाले तमिलनाडु और केरल विधानसभा चुनावों को देखते हुए यह रणनीति अहम मानी जा रही है।
पीएम नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई नेताओं ने राधाकृष्णन को बधाई दी। विपक्ष के प्रत्याशी सुदर्शन रेड्डी ने भी लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर भरोसा जताते हुए परिणाम स्वीकार किया।
#सीपीराधाकृष्णन #उपराष्ट्रपति2025 #एनडीए #भारत #राजनीति