सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /   आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल  /  बिहार   :   नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट बैठक में बुधवार को बिहार के लिए दो अहम परियोजनाओं को मंजूरी दी गई। इन परियोजनाओं में कुल ₹7616 करोड़ का निवेश होगा।

पहला प्रोजेक्ट बक्सर-भागलपुर हाई-स्पीड कॉरिडोर के फोर लेन ग्रीनफील्ड मोकामा-मुंगेर सेक्शन का निर्माण है। इसे हाइब्रिड एन्युइटी मोड के तहत 82.4 किमी की लंबाई में बनाया जाएगा, जिस पर लगभग ₹4447.38 करोड़ खर्च होंगे। यह हाईवे मोकामा, बड़हिया, लखीसराय, जमालपुर और मुंगेर होते हुए भागलपुर तक पहुंचेगा। इससे औद्योगिक क्षेत्रों तक कनेक्टिविटी बेहतर होगी और मालवाहक व यात्री दोनों के लिए 1.5 घंटे का समय बचेगा।

दूसरा प्रोजेक्ट भागलपुर-दुमका-रामपुरहाट सिंगल रेलवे लाइन सेक्शन (177 किमी) का डबलिंग है। इस पर करीब ₹3169 करोड़ की लागत आएगी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि डबल लाइन से परिचालन आसान होगा और भीड़भाड़ कम होगी।

इन दोनों परियोजनाओं से पूर्वी बिहार के औद्योगिक क्षेत्रों को बढ़ावा मिलेगा। मुंगेर-जमालपुर-भागलपुर बेल्ट में हथियार कारखाना, आयुध फैक्ट्री, लोकोमोटिव वर्कशॉप, आईटीसी, सिल्क उद्योग और कृषि-आधारित इकाइयों को सीधा लाभ मिलेगा।

सरकार का दावा है कि इस निवेश से 14.83 लाख लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार और 18.46 लाख लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। ये परियोजनाएं बिहार के आर्थिक विकास में मील का पत्थर साबित हो सकती हैं।

#बिहारविकास #कैबिनेटफैसला #रेलवेप्रोजेक्ट #हाईवेकोरिडोर #बिहारनिवेश