सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /   आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर का कॉन्ट्रैक्ट जून 2026 तक बढ़ा दिया है। हालांकि बोर्ड की ओर से आधिकारिक बयान अभी नहीं आया है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक IPL 2025 से पहले ही उनका कॉन्ट्रैक्ट रिन्यू कर दिया गया था। अगरकर ने जुलाई 2023 में भारतीय टीम की सिलेक्शन कमेटी का कार्यभार संभाला था।

अगरकर के कार्यकाल में टीम इंडिया ने कई बड़ी सफलताएं हासिल की हैं। 2024 में भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता, वहीं इस साल की शुरुआत में चैंपियंस ट्रॉफी भी अपने नाम की। इसके अलावा, टीम 2023 वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल तक पहुंची, हालांकि खिताब जीतने से चूक गई थी।

पूर्व तेज गेंदबाज अजीत अगरकर ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 349 विकेट चटकाए। इसमें टेस्ट में 58, वनडे में 288 और टी-20 इंटरनेशनल में 3 विकेट शामिल हैं। उनके नाम वनडे में भारत की ओर से सबसे तेज अर्धशतक (21 गेंदों पर) और सबसे तेज 50 विकेट पूरे करने का रिकॉर्ड भी दर्ज है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, सिलेक्शन कमेटी में जल्द बदलाव देखने को मिल सकते हैं। वर्तमान में इसमें अगरकर के साथ एसएस दास, सुब्रतो बनर्जी, अजय रात्रा और एस शरत शामिल हैं। माना जा रहा है कि सितंबर में होने वाली BCCI की एनुअल जनरल बॉडी मीटिंग के बाद एस शरत की जगह नए सदस्य को शामिल किया जा सकता है।

#BCCI #अजीतअगरकर #IndianCricket #TeamIndia #CricketNews