सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : बरकतउल्ला विश्वविद्यालय प्रकोष्ठ, भोपाल के तत्वावधान में विश्वविद्यालय स्तर पूर्व गणतंत्र दिवस परेड (प्री आरडीसी) चयन प्रक्रिया 2025 का सफल आयोजन ज्ञान विज्ञान भवन, भोपाल में किया गया। यह चयन प्रक्रिया तीन चरणों में सम्पन्न हुई — प्रथम चरण में विश्वविद्यालय से संबद्ध आठ जिलों के चयनित 100 से अधिक राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने परेड, प्लेट फुट मार्च एवं स्टाइल मार्च के माध्यम से उत्कृष्ट अनुशासन, समन्वय एवं दक्षता का प्रदर्शन किया । सभी स्वयंसेवकों के साथ सर्वप्रथम संयुक्त रूप से सामूहिक दौड़ व परेड कराई गयी तथा उसके बाद व्यक्तिगत रूप से सभी की परेड का मूल्यांकन किया गया । द्वितीय चरण में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के अंतर्गत प्रत्येक प्रतिभागी ने व्यक्तिगत रूप से लोकनृत्य, लोकगीत, नाट्य, मूक नाट्य एवं वाद्य यंत्रों के माध्यम से अपनी सृजनात्मकता, कला-कौशल एवं सांस्कृतिक विविधता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया । तृतीय चरण में साक्षात्कार के माध्यम से राष्ट्रीय सेवा योजना संबंधी ज्ञान तथा सामूहिक कोशल का मूल्यांकन किया गया ।

कार्यक्रम में उप कार्यक्रम सलाहकार क्षेत्रीय निदेशालय अशोक कुमार श्रोती, राज्य एनएसएस अधिकारी मनोज कुमार अग्निहोत्री, क्षेत्रीय निदेशालय प्रतिनिधि सोनी, परेड विशेषज्ञ के रूप में एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट संतोष अंभोरे एवं सरिता कुशवाहा तथा सांस्कृतिक विशेषज्ञ के रूप में श्रीमती दुर्गा मिश्रा एवं निहारिका परमार ने जिला स्तर से चयनित स्वयंसेवकों की प्रतिभा का विश्वविद्यालय स्तर चयन हेतु मूल्यांकन किया तथा स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन किया।

कार्यक्रम का संचालन अनंत कुमार सक्सेना (कार्यक्रम समन्वयक, बरकतउल्ला विश्वविद्यालय प्रकोष्ठ) एवं राहुल सिंह परिहार (कार्यक्रम अधिकारी, मुक्त इकाई एवं ईटीआई प्रशिक्षक) द्वारा किया गया। संपूर्ण कार्यक्रम का संयोजन एवं व्यवस्थापन विगत वर्षों के पूर्व गणतंत्र दिवस परेड तथा गणतंत्र दिवस परेड शिविर, राष्ट्रीय एकता शिविर, राज्य स्तर शिविर तथा कोर समूह के सदस्यों द्वारा राहुल सिंह परिहार के नेत्रत्व में किया गया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जिलों से आए कार्यक्रम अधिकारियों एवं सहभागियों को “विकसित भारत यंग लीडरशिप डायलॉग” का स्कैनर पोस्टर वितरित किया गया, ताकि अधिकाधिक स्वयंसेवक विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग क्विज में पंजीयन कर इस प्रेरणादायी राष्ट्रीय पहल का लाभ उठा सकें।

विश्वविद्यालय स्तर पर चयनित स्वयंसेवक अब आगामी पूर्व गणतंत्र दिवस परेड शिविर में मध्य प्रदेश राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। पूर्व गणतंत्र दिवस परेड शिविर से चयनित स्वयं सेवक गणतंत्र दिवस परेड शिविर नई दिल्ली में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे । चयन समिति के सभी सदस्यों ने स्वयं सेवकों को शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की । अंत में राहुल सिंह परिहार द्वारा सभी का आभार व्यक्त किया गया |
#बरकतउल्ला_विश्वविद्यालय #एनएसएस #प्रीआरडीसी #भोपाल #युवा_सेवा #मध्यप्रदेश