सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /   आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल  :  अजरबैजान ने भारत पर गंभीर आरोप लगाए हैं। राष्ट्रपति इल्हाम अलीयेव ने दावा किया कि भारत, पाकिस्तान से अजरबैजान की नजदीकी का बदला वैश्विक मंचों पर ले रहा है। यह बयान उन्होंने सोमवार को शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन के दौरान पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात में दिया।

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत ने SCO में अजरबैजान की पूर्ण सदस्यता के आवेदन को खारिज कर दिया। इसके पीछे पाकिस्तान से अजरबैजान की बढ़ती नजदीकी को वजह बताया जा रहा है। गौरतलब है कि मई में हुए ऑपरेशन सिंदूर के दौरान अजरबैजान ने खुलकर पाकिस्तान का समर्थन किया था।

राष्ट्रपति अलीयेव ने कहा कि भारत के विरोध के बावजूद उनका देश पाकिस्तान के साथ रिश्तों को प्राथमिकता देगा। वहीं, शहबाज शरीफ ने भारत के साथ सैन्य संघर्ष में अजरबैजान के समर्थन के लिए धन्यवाद किया।

भारत और अजरबैजान के रिश्तों में तनाव नया नहीं है। कश्मीर मुद्दे पर अजरबैजान लगातार पाकिस्तान का पक्ष लेता रहा है। इसके जवाब में भारत ने आर्मेनिया के साथ अपने रक्षा सहयोग को मजबूत किया। पिछले साल भारत ने आर्मेनिया को पिनाक रॉकेट लॉन्चर की आपूर्ति भी की थी।

इस बीच, SCO समिट के दौरान चीन ने अजरबैजान की सदस्यता का समर्थन किया। हालांकि, नियमों के अनुसार SCO की सदस्यता तभी मिल सकती है जब सभी सदस्य देश सहमति दें। ऐसे में भारत का विरोध अजरबैजान की राह मुश्किल बना सकता है।

#अजरबैजान #भारत #पाकिस्तान #SCO #अंतरराष्ट्रीय_राजनीति