सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /  आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल  /   नई दिल्ली  :  भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर आज देशभर में उन्हें याद किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार सुबह दिल्ली स्थित वाजपेयी के स्मारक ‘सदैव अटल’ पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई अन्य नेताओं ने भी श्रद्धांजलि दी।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “अटल जी को उनकी पुण्यतिथि पर शत-शत नमन। भारत की सर्वांगीण प्रगति के प्रति उनका समर्पण और सेवाभाव सभी को एक विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करता रहेगा।”

राष्ट्रपति मुर्मु ने भी वाजपेयी को नमन करते हुए कहा कि उनका जीवन राष्ट्रसेवा और जनकल्याण के प्रति समर्पित रहा। वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि राष्ट्र उनके अभूतपूर्व योगदान को सदैव याद रखेगा।

इस मौके पर कई केंद्रीय मंत्री, सांसद और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी ‘सदैव अटल’ पहुंचे और श्रद्धासुमन अर्पित किए।

गौरतलब है कि अटल बिहारी वाजपेयी का जन्म 25 दिसंबर 1924 को मध्य प्रदेश के ग्वालियर में हुआ था। वे तीन बार भारत के प्रधानमंत्री बने और देश के पहले गैर-कांग्रेसी प्रधानमंत्री रहे जिन्होंने पूरा कार्यकाल पूरा किया। अपने ओजस्वी भाषणों और दूरदर्शी नीतियों से उन्होंने भारतीय राजनीति में अमिट छाप छोड़ी। 16 अगस्त 2018 को एम्स, दिल्ली में उनका निधन हुआ।

आज उनकी पुण्यतिथि पर पूरा राष्ट्र उन्हें स्मरण कर रहा है और उनके दिखाए मार्ग पर आगे बढ़ने का संकल्प ले रहा है।

#अटलवाजपेयी #पुण्यतिथि2025 #सदैवअटल #पीएममोदी #राष्ट्रपतिमुर्मु #श्रद्धांजलि