सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /   आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल  :  एशिया कप 2025 से पहले भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर बहस तेज हो गई है। भारतीय टीम के पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह ने साफ तौर पर कहा है कि भारत को पाकिस्तान के खिलाफ मैच नहीं खेलना चाहिए। उनका कहना है कि “पहले देश आता है, फिर खेल।” उन्होंने सीमा पर तैनात जवानों की कुर्बानियों का जिक्र करते हुए कहा कि हमारे जवान घर नहीं लौटते और हम खेल के नाम पर पाकिस्तान को अहमियत क्यों दें।

टूर्नामेंट का आगाज 9 सितंबर 2025 से होगा, जबकि भारत और पाकिस्तान का मुकाबला 14 सितंबर को तय है। हालांकि, दोनों देशों के बीच जारी तनाव के चलते इस मैच के बहिष्कार की मांग बढ़ रही है।

हरभजन सिंह हाल ही में वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स में इंडिया चैंपियंस टीम का हिस्सा थे, जहां टीम ने पाकिस्तान चैंपियंस के खिलाफ ग्रुप स्टेज और सेमीफाइनल मैच खेलने से इनकार कर दिया था। इस टीम में शिखर धवन, युवराज सिंह, इरफान पठान, सुरेश रैना और युसुफ पठान जैसे दिग्गज भी शामिल थे। खिलाड़ियों ने पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में यह फैसला लिया था।

हरभजन का कहना है कि मौजूदा हालात में सूर्या कुमार यादव की कप्तानी वाली टीम इंडिया को भी पड़ोसी देश के खिलाफ मैदान पर नहीं उतरना चाहिए। उनके इस बयान ने क्रिकेट जगत और सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है।

#एशियाकप2025 #INDvsPAK #हरभजनसिंह #क्रिकेट #बहिष्कार