सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /   आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल     :  अमेरिका में टिकटॉक पर बैन की डेडलाइन अब 16 दिसंबर तक बढ़ा दी गई है। पहले यह समयसीमा 17 सितंबर को खत्म हो रही थी। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने चौथी बार बैन की डेडलाइन आगे बढ़ाते हुए कहा कि टिकटॉक से जुड़ी डील लगभग तय है। शुक्रवार को उनकी मुलाकात चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से होगी, जहां अंतिम रूप से तय होगा कि एप में चीनी हिस्सेदारी बचेगी या नहीं।

दरअसल, अमेरिकी संसद ने 2024 में एक कानून पास किया था जिसके तहत टिकटॉक की चीनी पैरेंट कंपनी बाइटडांस को अपना अमेरिकी बिजनेस बेचना होगा, वरना एप बैन हो जाएगा। अमेरिका का आरोप है कि चीनी सरकार टिकटॉक के जरिए यूजर डेटा एक्सेस कर सकती है, इसलिए इसका मालिकाना हक अमेरिकी कंपनियों को दिया जाना चाहिए। ओरेकल, सिल्वरलेक और एंड्रीसेन जैसे नाम संभावित खरीदारों में शामिल हैं। चीन और अमेरिका इस मुद्दे पर बातचीत कर रहे हैं। संभावना है कि टिकटॉक का एल्गोरिद्म और आईपी राइट्स चीन के पास रहेंगे, जबकि अमेरिकी यूजर डेटा पर अमेरिकी कंपनियों का नियंत्रण होगा।

भारत में टिकटॉक जून 2020 से बैन है। भारत सरकार ने इसे राष्ट्रीय सुरक्षा और संप्रभुता के लिए खतरा बताते हुए 59 चीनी एप्स पर रोक लगाई थी। उस समय भारत में टिकटॉक के 24 करोड़ से ज्यादा यूजर थे। बैन के चलते बाइटडांस को रोजाना लगभग 5 लाख डॉलर का नुकसान उठाना पड़ा था।

#टिकटॉक #अमेरिका #ट्रम्प #जिनपिंग #बैन