सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उनके मनोबल को बढ़ाने के उद्देश्य से आईसेक्ट विश्वविद्यालय समूह ने “स्पोर्ट्स अचीवर्स अवार्ड 2025” का भव्य आयोजन किया। रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय और स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस समारोह में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और कोचेस को सम्मानित किया गया।


इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मप्र शासन के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग मौजूद रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में अर्जुन अवार्डी और पूर्व ओलंपियन अशोक ध्यानचंद, अर्जुन अवार्डी व 1983 क्रिकेट वर्ल्ड कप विजेता मदनलाल शर्मा, जलज चतुर्वेदी और जिला खेल अधिकारी रायसेन उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता आईसेक्ट समूह के कार्यकारी उपाध्यक्ष एवं स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति सिद्धार्थ चतुर्वेदी ने की।


कार्यक्रम में 10 से अधिक खेलों से जुड़े 88 खिलाड़ियों और 11 कोचेस को पुरस्कार राशि एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इनमें हॉकी, जूडो, पैरालंपिक, शूटिंग, बॉक्सिंग, सेलिंग, कयाकिंग, रेसलिंग, रोइंग, मल्लखंब, कराटे, वुशु, एथलेटिक्स और फेंसिंग जैसे खेल शामिल रहे। खिलाड़ियों को 10,000 से 30,000 रुपये तक की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।


सम्मानित खिलाड़ियों में हॉकी के अंकित पाल, अदिति महेश्वरी, करमनप्रीत कौर, शूटिंग की वंशिका तिवारी, मानसी रघुवंशी, श्रेष्ठ सिसोदिया, बॉक्सिंग की मलिका मोर, पैरा एथलीट लक्ष्मी, रोइंग के अमन सिंह और मलखंब के प्रणव कोरी जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी शामिल रहे। वहीं 11 कोचेस को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।


इस मौके पर मुख्य अतिथि विश्वास सारंग ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल व्यक्ति को न केवल शारीरिक रूप से बल्कि मानसिक और सामाजिक रूप से भी मजबूत बनाते हैं। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के उदाहरण का उल्लेख करते हुए युवाओं से खेलों के माध्यम से राष्ट्रनिर्माण में योगदान देने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी ने कहा कि आईसेक्ट समूह खेलों के विकास के लिए खेल अकादमियों की स्थापना, स्पोर्ट्स टूर्नामेंट्स, रिसर्च और आर्थिक रूप से कमजोर खिलाड़ियों को सहायता प्रदान करने जैसे प्रयास लगातार कर रहा है। इस अवसर पर अशोक ध्यानचंद और मदनलाल शर्मा ने भी अपने अनुभव साझा कर खिलाड़ियों को प्रेरित किया। यह आयोजन खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में आईसेक्ट विश्वविद्यालय समूह की महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

#आईसेक्ट #स्पोर्ट्सअचीवर्सअवार्ड2025 #खेलप्रोत्साहन #विश्वविद्यालय #खेल