सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : उच्च शिक्षा उत्कृष्टता संस्थान, भोपाल और हार्टफुलनेस इंस्टीट्यूट के बीच विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों के मानसिक, भावनात्मक और मनोवैज्ञानिक कल्याण के संवर्धन हेतु समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। यह समझौता संस्थान के मानोबल क्लब की गतिविधियों को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने तथा मानसिक स्वास्थ्य को एकीकृत शैक्षणिक पहल के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
समझौते के प्रमुख उद्देश्य हैं विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों में मानसिक, भावनात्मक और मनोवैज्ञानिक कल्याण को बढ़ावा देना; ध्यान, आत्म-जागरूकता और भावनात्मक संतुलन के माध्यम से एकाग्रता और तनाव प्रबंधन, सहनशीलता का विकास और संस्थान के मानोबल क्लब की गतिविधियों को शोध कार्य, व्याख्यान श्रृंखला, संगोष्ठी, सेमिनार और अन्य अकादमिक एवं व्यवहारिक कार्यक्रमों के माध्यम से सुदृढ़ और क्रियाशील बनाना।समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर के दौरान उत्कृष्टता संस्थान की ओर से संस्थान के संचालक डॉ. प्रज्ञेश कुमार अग्रवाल, वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. आर. के. श्रीवास्तव, सहायक प्राध्यापक, मनोविज्ञान एवं मानोबल प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. रचना सिंह ठाकुर तथा सहायक प्राध्यापक अमर प्रकाश पांडेय उपस्थित रहे। हार्टफुलनेस इंस्टीट्यूट की ओर से डॉ. नील केलकर, समन्वयक, शासकीय कार्यक्रम, मध्यप्रदेश एवं प्रभारी, भोपाल संभाग, डॉ. आलोक मिश्रा, डॉ. राजीव चौबे, राजेश शर्मा, गुरमीत सिंह और अर्चना वर्मा उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उच्च शिक्षा उत्कृष्टता संस्थान भोपाल के संचालक डॉ. प्रज्ञेश कुमार अग्रवाल ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य और समग्र आंतरिक संतुलन वर्तमान शिक्षा प्रणाली का अभिन्न अंग बन चुके हैं। इस सहयोग से न केवल विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन में सुधार होगा, बल्कि वे जीवन के विभिन्न आयामों में अधिक संतुलित, सकारात्मक और सजग दृष्टिकोण विकसित कर सकेंगे।
भविष्य की योजनाओं के अंतर्गत संस्थान में नियमित ध्यान सत्र, मानसिक स्वास्थ्य कार्यशालाएं, प्रेरक व्याख्यान और रिसर्च प्रोजेक्ट आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही, विद्यार्थियों और कर्मचारियों के मानसिक स्वास्थ्य की स्थिति का मूल्यांकन करने के लिए सर्वेक्षण और अध्ययन भी किए जाएंगे। हार्टफुलनेस इंस्टीट्यूट की विशेषज्ञ टीम इन गतिविधियों में मार्गदर्शन और प्रशिक्षण प्रदान करेगी।
कार्यक्रम के अंत में दोनों पक्षों ने इस सहयोग को दीर्घकालिक, परिणामोन्मुखी और प्रभावी रूप से लागू करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस पहल से संस्थान में सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण के निर्माण के साथ-साथ विद्यार्थियों में मानसिक और भावनात्मक सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा।

#एमओएयू #उच्चशिक्षा #हार्टफुलनेसइंस्टीट्यूट #शैक्षणिकसहयोग #भोपाल