सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /  आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल  :   भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने एक बार फिर अपने दमदार प्रदर्शन से इतिहास रच दिया है। इंग्लैंड के खिलाफ चेस्टर ली स्ट्रीट में खेले गए तीसरे वनडे मुकाबले में उन्होंने सिर्फ 84 गेंदों पर 102 रन की शानदार पारी खेली। इस शतक की बदौलत भारत ने इंग्लैंड को 13 रन से हराकर सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली।

हरमनप्रीत की इस पारी में 14 चौके शामिल थे। यह उनके वनडे करियर का सातवां शतक रहा, जबकि इंग्लैंड की धरती पर यह उनका तीसरा वनडे शतक था। इस उपलब्धि के साथ वह इंग्लैंड में तीन वनडे शतक जमाने वाली पहली विदेशी महिला खिलाड़ी बन गईं हैं।

उन्होंने इस मामले में पूर्व भारतीय कप्तान मिताली राज और ऑस्ट्रेलियाई कप्तान मेग लेनिंग को पीछे छोड़ दिया है, जिन्होंने इंग्लैंड में दो-दो शतक जमाए थे।

हरमनप्रीत का यह प्रदर्शन न केवल टीम के लिए जीत की नींव बना, बल्कि उनकी कप्तानी और बल्लेबाजी दोनों ही भारतीय महिला क्रिकेट के इतिहास में एक सुनहरा अध्याय जोड़ गई हैं।

इस ऐतिहासिक पारी और जीत के बाद हरमनप्रीत कौर को चारों ओर से बधाइयाँ मिल रही हैं। क्रिकेट प्रशंसकों के लिए यह जीत गर्व और प्रेरणा की एक मिसाल बन गई है।

मुख्य बिंदु

  • हरमनप्रीत कौर ने 84 गेंदों में 102 रन बनाए

  • इंग्लैंड की जमीन पर तीसरा वनडे शतक

  • भारत ने वनडे सीरीज 2-1 से जीती

  • कौर बनीं इंग्लैंड में 3 शतक जमाने वाली पहली विदेशी महिला खिलाड़ी