सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत और ब्राजील समेत कई देशों पर हाल ही में 50 प्रतिशत टैरिफ लगाने का ऐलान किया था, जिससे सोने के आयात (Gold Imports) पर अनिश्चितता बढ़ गई थी। अब ट्रंप ने स्पष्ट कर दिया है कि गोल्ड को टैरिफ वॉर से बाहर रखा जाएगा। यह घोषणा उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ पर एक पोस्ट के माध्यम से की, जिसमें लिखा, “सोने पर टैरिफ नहीं लगेगा।”
पिछले एक सप्ताह से सोने पर टैरिफ लगाए जाने की अटकलें तेज थीं। अमेरिकी कस्टम और सीमा सुरक्षा विभाग ने भी संकेत दिए थे कि सोने पर भारी शुल्क लग सकता है। इन अफवाहों के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में उछाल देखने को मिला था। हालांकि, ट्रंप के बयान के बाद कीमतों में स्थिरता लौटने की संभावना है।
ट्रंप ने हाल ही में रूस से तेल खरीदने के मुद्दे को लेकर भारत, ब्राजील और अन्य देशों पर 50 प्रतिशत का आयात शुल्क लगाने का आदेश दिया था। इस कदम से वैश्विक व्यापारिक तनाव बढ़ा था और सोने के आयातकों में चिंता फैल गई थी। लेकिन अब सोने को इस टैरिफ सूची से बाहर रखने का निर्णय निवेशकों और कारोबारियों के लिए राहत भरी खबर है।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस फैसले से सोने के अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा और कीमतों में संभावित गिरावट आ सकती है। हालांकि, अन्य वस्तुओं पर 50 प्रतिशत टैरिफ जारी रहेगा, जिससे वैश्विक बाजार में तनाव कायम रहेगा।
#सोना #टैरिफ #डोनाल्डट्रंप #गोल्डइम्पोर्ट #अमेरिका