ITDC India e-Press / Agencies

कोरबा  कोरबा जिले के विकासखंड करतला के ग्राम पंचायत चिचोली में प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार गोबर गैस संयंत्र की स्थापना जल्द ही होने जा रही है। संयंत्र के लिए आवश्यक संसाधन की उपलब्धता यहां मिलने के कारण प्रक्रिया को जल्द ही पूरा कर संयंत्र स्थापना के आसार बने हुए हैं। जिला पंचायत सीईओ ने स्थल का निरीक्षण किया।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नूतन सिंह कंवर ने सोमवार को करतला ब्लॉक के ग्राम चिचोली का भ्रमण किया। चिचोली में गोबर गैस संयंत्र स्थापित करने के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता उन्होंने यहां पाई है। सीईओ ने बताया कि सरकार के स्वच्छ भारत मिशन योजना के तहत गोबर गैस संयंत्र स्थापना का प्रस्ताव प्राप्त हुआ है। ग्राम चिचोली में इसके लिए संभावनाएं तलाशी गई है।

गांव में श्री कौशिक की गौशाला है जहां 350 गौवंश का पालन व संरक्षण हो रहा है। प्रतिदिन 10 क्ंिवटल गोबर यहां से प्राप्त होगा। 25 घन मीटर गोबर गैस संयंत्र के लिए 650 किलो गोबर की आवश्यकता प्रतिदिन होगी जो यहां हमें मिल रहा है। इसके अलावा आऊट कम के रूप में 10 रुपए के हिसाब से कंपोस्ट भी मिल जाएगा, इसलिए ग्राम चिचोली में गोबर गैस संयंत्र स्थापित करने का प्रयास है। अनुमोदन मिलते ही इस पर कार्य शुरू कर दिया जाएगा। संयंत्र की लागत 6 लाख 12 हजार 347 रुपए निर्धारित की गई है।

*शत-प्रतिशत टीकाकरण में मितानिनों की भूमिका अहम

ग्राम चिचोली में भ्रमण के दौरान आयोजित मितानिन सम्मान समारोह में भी सीईओ शामिल हुए। उन्होंने मितानिनों के कार्य को बेहतर बताते हुए कहा कि करतला ब्लॉक में शत-प्रतिशत कोविड वैक्सीनेशन कराने में इनका अहम सहयोग रहा है। आने वाले समय में भी मितानिनों की अच्छी भूमिका देखने को मिलेगी और कोरोना से निजात पा लिया जाएगा। मितानिनों को साड़ी, श्रीफल तथा मिठाई भेंट किया गया। वृद्धजनों को कम्बल एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर करतला जनपद सीईओ एमएस नागेश, चिचोली सरपंच चंद्रशेखर बिंझवार, जनपद सदस्य रामप्यारे बिंझवार, फरसवानी सरपंच रामगोपाल बियार, उपसरपंच श्रीमती पुनीबाई बिंझवार, पंचगण व ग्रामवासी उपस्थित रहे।